बाढ़ पीड़ितों की मदद को आगे आया अखिल असम भोजपुरी परिषद, शिवसागर में बांटी राहत सामग्री
थर्ड आई न्यूज
लखीमपुर से बाबू देव पांडे
असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए अखिल असम भोजपुरी परिषद ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए शिवसागर जिले में राहत सामग्री का वितरण किया।
परिषद की केंद्रीय समिति के नेतृत्व में लखीमपुर जिले की चावलधोवा आंचलिक समिति और गोगामुख आंचलिक समिति के सदस्यों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री एवं स्वच्छ पेयजल वितरित किया।
बाढ़ के कारण कई गांवों का संपर्क बाहरी दुनिया से कट गया है और लोग भोजन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। ऐसे कठिन समय में परिषद के कार्यकर्ताओं ने राहत सामग्री उन इलाकों तक भी पहुंचाई, जहां अब तक पर्याप्त सहायता नहीं पहुंच सकी थी।
राहत अभियान में कृष्ण मल्लाह और जितेंद्र मल्लाह ने सक्रिय भूमिका निभाई तथा राहत सामग्री के वितरण में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
इस अवसर पर परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति का दायित्व है कि वह पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आए। उन्होंने परिषद के मूल भाव “मानुहे मानुहर बाबे” (इंसान, इंसान के लिए) को दोहराते हुए कहा कि इसी सेवा भावना के साथ यह राहत अभियान चलाया जा रहा है।
परिषद ने विश्वास दिलाया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए भविष्य में भी राहत एवं सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

