भाजपा राष्ट्रीय सह-संयोजक विष्णु वर्धन रेड्डी ने प्रोफेशनल सेल की टीम से किया संवाद

थर्ड आई न्यूज

राज्यसभा सांसद तेरश गोवाला सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद, गौरव सोमानी के आवास पर हुई चाय पर चर्चा

गुवाहाटी, 21 नवंबर। भाजपा के राष्ट्रीय सभी प्रकोष्ठों के सह-संयोजक विष्णु वर्धन रेड्डी एवं राज्यसभा सांसद तेरश गोवाला ने शनिवार को गुवाहाटी में असम प्रदेश भाजपा प्रोफेशनल सेल के सदस्यों के साथ आत्मीय मुलाकात की। यह शिष्टाचार भेंट प्रोफेशनल सेल के प्रदेश संयोजक गौरव सोमानी के आवास पर आयोजित हुई। इस अवसर पर भाजपा असम प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी प्रदीप ठाकुरिया, मृदुला बोरकाकोटी सहित अन्य गणमान्य प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

इस दौरान गौरव सोमानी और प्रोफेशनल सेल की टीम ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। चाय पर आयोजित अनौपचारिक चर्चा में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बड़ी संख्या में पेशेवरों ने भाग लिया। बैठक का उद्देश्य पार्टी नेतृत्व और पेशेवर वर्ग के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा उनके सुझावों एवं समस्याओं को समझना था।

बैठक में प्रदेश संयोजक गौरव सोमानी ने असम प्रदेश प्रोफेशनल सेल की अब तक की गतिविधियों, उपलब्धियों और संगठनात्मक विस्तार की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। विष्णु वर्धन रेड्डी ने राज्यभर में सेल के विस्तार और उसकी रचनात्मक गतिविधियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूरी टीम को बधाई दी।

राज्यसभा सांसद तेरश गोवाला ने भी प्रोफेशनल सेल के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

सार्थक विचार-विमर्श और आत्मीय संवाद के बीच संपन्न इस बैठक को भाजपा नेतृत्व तथा विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों से जुड़े लोगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *