टीएलएम प्रदर्शनी में शिक्षकों ने दिखाई रचनात्मकता, तीन सर्वश्रेष्ठ शिक्षण सामग्री पुरस्कृत

थर्ड आई न्यूज़

साक्षरता एवं संख्यात्मकता पर आधारित शिक्षण सामग्री का प्रदर्शन, गतिविधि आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर

गुवाहाटी, 21 नवंबर। आमबाड़ी फटाशिल-2 क्लस्टर संसाधन केंद्र (सीआरसी) के अंतर्गत विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा तैयार शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) की प्रदर्शनी शनिवार को फटाशिल गणेशपाड़ा प्राथमिक विद्यालय में आयोजित की गई। प्रदर्शनी में शिक्षकों ने अपनी रचनात्मकता और नवाचार का परिचय देते हुए ऐसी शिक्षण सामग्री प्रस्तुत की, जिनके माध्यम से बच्चों के लिए पढ़ाई को अधिक सरल, रोचक और प्रभावी बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्लस्टर संसाधन केंद्र समन्वयक (सीआरसीसी) रामेश्वर शर्मा के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने प्रदर्शनी के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए शिक्षण प्रक्रिया में नवाचार और गतिविधि आधारित शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया।

प्रदर्शनी में क्लस्टर के सभी प्राथमिक विद्यालयों से दो-दो शिक्षकों ने भाग लिया। उन्होंने साक्षरता एवं संख्यात्मकता से संबंधित विभिन्न प्रकार की शिक्षण-अधिगम सामग्री प्रदर्शित की। शिक्षकों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से बताया कि किस प्रकार इन सामग्रियों का उपयोग कर बच्चों में भाषा और गणित की बुनियादी समझ विकसित की जा सकती है।

प्रदर्शनी में चंपाबती हाई स्कूल की प्रधानाध्यापिका सोमा दास तथा नयन ज्योति जातीय विद्यालय के प्रधानाध्यापक हैदर अली ने निर्णायक की भूमिका निभाई। निर्णायकों ने प्रदर्शित शिक्षण सामग्री का मूल्यांकन किया। इसके आधार पर साक्षरता एवं संख्यात्मकता से संबंधित तीन सर्वश्रेष्ठ टीएलएम का चयन कर उन्हें पुरस्कृत किया गया।

इस आयोजन के माध्यम से शिक्षकों को अपने नवाचारों, रचनात्मक प्रयोगों और शिक्षण अनुभवों को एक-दूसरे के साथ साझा करने का अवसर मिला। साथ ही, प्राथमिक स्तर पर बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने और कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी एवं गतिविधि आधारित बनाने की दिशा में यह प्रदर्शनी उपयोगी साबित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *