alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

‘पाकिस्तान से सीधे संबंधों के मिले सबूत’: गोगोई मामले में SIT रिपोर्ट पर CM शर्मा का दावा, अब MHA करेगा जांच

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी I कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के कथित पाकिस्तान लिंक को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। दूसरी ओर अब इस मामले में सियासत और आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति भी तेज हो गई है। ऐसे में अब असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा का बड़ा बयान सामने आया है। रविवार को उन्होंने मामले की जांच कर रही एसआईटी की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए दावा किया है कि एसआईटी रिपोर्ट में अली तौकीर शेख, एलिजाबेथ गोगोई और गौरव गोगोई तीनों के पाकिस्तान से सीधे संबंध होने के सबूत मिले हैं। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट देखकर कैबिनेट मंत्री भी हैरान रह गए I

सीएम शर्मा ने कहा कि असम पुलिस की एसआईटी (विशेष जांच टीम) ने इस मामले की जांच की और रिपोर्ट सरकार को सौंपी। रिपोर्ट देखने के बाद राज्य कैबिनेट ने फैसला किया कि यह मामला बहुत गंभीर है। इसमें एक मौजूदा सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल हैं। इसलिए अब इसकी जांच केंद्रीय एजेंसी से कराई जाएगी। इसके लिए मामला गृह मंत्रालय को भेजा जाएगा।

गोगोई की पत्नी के पाकिस्तान से संबंध- शर्मा
इस दौरान सीएम शर्मा ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई और उनकी पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न गोगोई को लेकर गंभीर आरोप लगाए। मुख्यमंत्री का कहना है कि गौरव गोगोई की पत्नी के पाकिस्तान से संबंध रहे हैं और यह मामला देश की सुरक्षा से जुड़ा हो सकता है। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि एलिजाबेथ गोगोई मार्च 2011 से मार्च 2012 तक पाकिस्तान में काम कर चुकी हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उनके परिवार के संबंध एक पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के साथ बहुत घनिष्ठ, जो कथित तौर पर पाकिस्तान के हितों के लिए काम करता रहा है।

पाकिस्तान दूतावास की तस्वीर का जिक्र :
इस दौरान हिमंत विश्व शर्मा ने एक पुरानी तस्वीर का भी जिक्र किया, जिसमें गौरव गोगोई कुछ युवाओं को लेकर भारत में पाकिस्तान के दूतावास गए थे। उस समय भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तस्वीर को देखकर ऐसा लगा कि पाकिस्तान को वैध ठहराने की कोशिश की गई। यह बहुत संवेदनशील मामला है, खासकर तब जब कारगिल युद्ध में असम के कैप्टन जितु गोगोई ने देश के लिए शहादत दी थी। उन्होंने बताया कि पहले उन्हें लगा था कि यह तस्वीर फर्जी है, लेकिन बाद में कांग्रेस नेताओं ने खुद इसे सही माना, जिससे जांच शुरू करनी पड़ी।

अली तौकीर शेख पर भी सवाल :
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अली तौकीर शेख खुद को पर्यावरणविद बताता है, लेकिन असल में वह भारत-पाकिस्तान के बीच सिंधु जल संधि जैसे मुद्दों पर पाकिस्तान के पक्ष में काम करता रहा है। उन्होंने दावा किया कि अली तौकीर शेख कम से कम 18 बार भारत आ चुका है, जो अपने आप में सवाल खड़े करता है। हालांकि दूसरी ओर इस पूरे मामले पर कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने पहले ही प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री यह सब आरोप लगाकर खुद पर लगे आरोपों से ध्यान भटकाना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *