“सदी की सबसे फ्लॉप प्रेस कॉन्फ्रेंस, सी-ग्रेड फिल्म से भी बदतर” — गौरव गोगोई का असम सीएम पर तीखा हमला
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी I असम कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की आज हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस पर तीखा प्रहार करते हुए इसे “सदी की सबसे फ्लॉप प्रेस कॉन्फ्रेंस” और “सी-ग्रेड सिनेमा से भी बदतर” करार दिया।
गोगोई ने मुख्यमंत्री द्वारा उनकी पत्नी एलिज़ाबेथ गोगोई को लेकर पाकिस्तान से संबंधों के आरोप लगाए जाने की कड़ी आलोचना की और इन आरोपों को “बेबुनियाद, निरर्थक और मनगढ़ंत” बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ऐसे आरोपों में उलझकर असम से जुड़े वास्तविक और गंभीर मुद्दों से ध्यान भटका रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री की यह प्रेस वार्ता मौजूदा #XomoyParivartanYatra के ठीक विपरीत है, जिसे उन्होंने जनता के बीच सफल पहल बताया। गोगोई के अनुसार इस यात्रा के दौरान कई अहम मुद्दे सामने आए हैं, जिनमें मुख्यमंत्री और उनके परिवार द्वारा कथित रूप से 12,000 बीघा जमीन पर कब्ज़े का आरोप भी शामिल है।
गौरव गोगोई ने कहा, “यह #SuperFlop प्रेस कॉन्फ्रेंस सिर्फ यह दिखाती है कि मुख्यमंत्री असम की जनता की वास्तविक समस्याओं पर बात करने के बजाय निराधार आरोपों पर केंद्रित हैं। जनता को सरकार से जवाबदेही और पारदर्शिता की अपेक्षा है।”

