alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

नगांव में श्री श्याम परिवार का दो दिवसीय फाल्गुन महोत्सव भव्यता और भक्तिभाव के साथ संपन्न

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जयप्रकाश सिंह

नगांव स्थित सेठ मेघराज अग्रवाल स्मृति भवन में श्री श्याम परिवार के सानिध्य में आयोजित श्री श्याम संकीर्तन का छठवां दो दिवसीय वार्षिक उत्सव एवं फाल्गुन महोत्सव पूर्ण भक्तिमय वातावरण में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर सेठ मेघराज अग्रवाल स्मृति भवन को दुल्हन की तरह आकर्षक ढंग से सजाया गया।

महोत्सव के पहले दिन, 7 फरवरी को दिल्ली से पधारे बाबा के परम भक्त एवं पुजारी हरीश शर्मा के सानिध्य में बाबा के शीश का आगमन हुआ और विधि-विधान के साथ उसका पूजन संपन्न किया गया। संध्या 4:15 बजे से तिनसुकिया से आमंत्रित सुंदरकांड परिवार द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इसके साथ अखंड ज्योति प्रज्ज्वलन एवं कोलकाता से आए कलाकारों द्वारा नृत्य-नाटिका की मनमोहक झांकियों की प्रस्तुति ने भक्तों को भावविभोर कर दिया।

दूसरे दिन, 8 फरवरी को प्रातः 9 बजे बाबा के रथ एवं दिव्य ज्योति के साथ भव्य निशान यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने रंग-बिरंगे निशान लेकर सेठ मेघराज अग्रवाल स्मृति भवन स्थित श्री श्याम दरबार में अर्पित किए। इसके उपरांत संध्या 4:15 बजे से आयोजित श्री श्याम संकीर्तन में खाटूश्याम (राजस्थान) से पधारे गायक अजहर अली, फरीदाबाद से संध्या तोमर तथा गुरुग्राम से शुभम ठकरान ने एक से बढ़कर एक भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया।

कार्यक्रम में शामिल सभी कलाकारों को धार्मिक परंपरा के अनुसार सम्मानित किया गया। दोनों दिनों में असम सहित दूरदराज क्षेत्रों से आए पांच हजार से अधिक भक्तों ने बाबा के दरबार एवं दिव्य ज्योति के दर्शन किए। भक्तों के लिए पंक्तिबद्ध बैठकर प्रसाद ग्रहण की सुंदर व्यवस्था की गई थी।

महोत्सव के दौरान छप्पन भोग, मोरछड़ी का झाड़ा, दिव्य ज्योति, नृत्य-नाटिका, बाबा का भव्य दरबार, आकर्षक श्रृंगार, इत्र वर्षा एवं श्याम रसोई श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। साथ ही भक्तों को लाने-ले जाने तथा चरण पादुका के रख-रखाव की उत्कृष्ट व्यवस्था समिति द्वारा की गई थी, जिसकी सभी समाज बंधुओं ने मुक्त कंठ से सराहना की।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में श्री श्याम परिवार के सभी पुरुष, महिलाएं, बच्चे तथा समाज के सभी वर्गों का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *