नगांव में एलेन का करियर गाइडेंस सेशन, मेडिकल-इंजीनियरिंग तैयारी को मिला नया आयाम
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
नगांव शहर के अग्रणी शिक्षण संस्थान नवरूप सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से देश की प्रतिष्ठित कोचिंग संस्था ALLEN Career Institute द्वारा एक विशेष करियर मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विज्ञान, कला एवं वाणिज्य संकाय के कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने जेईई, नीट सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी, पाठ्यक्रम, परीक्षा पैटर्न तथा सफलता की रणनीतियों पर विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन और निरंतर अभ्यास के महत्व से भी अवगत कराया गया।
एलेन के जोनल हेड ब्रजेश यादव के मार्गदर्शन में नवरूप सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्थित एलेन केंद्र के हेड प्रथितेश्वर झा ने अपने संबोधन में कहा कि सफलता के लिए मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि नगांव के शैक्षिक क्षेत्र के लिए यह पहल एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब स्थानीय विद्यार्थियों को मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसी राष्ट्रीय परीक्षाओं की तैयारी के लिए राजस्थान जैसे दूरस्थ शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने जानकारी दी कि नवरूप सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में आगामी 2 अप्रैल से एलेन की कक्षाएं प्रारंभ होंगी, जहां मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को उच्च स्तरीय मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। देशभर में एलेन के विभिन्न केंद्रों के छात्र इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर रहे हैं। हाल ही में घोषित जेईई मेन परीक्षा में देशभर में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले 12 परीक्षार्थियों में से 8 विद्यार्थी एलेन संस्थान से रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समुचित मार्गदर्शन देने का आश्वासन दिया गया। इस आयोजन से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय संचालन समिति के सचिव मुनिन्द्र सैकिया, उत्पला बोरा, एलेन की ओर से पराग, मृन्मय कौशिक बोरा, राजा बोरा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">