नगांव में धूमधाम से शुरू हुआ चैती छठ महापर्व, झंडोत्तोलन के साथ आयोजन का शुभारंभ
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
नगांव के ऐतिहासिक विजय दशमी घाट, नेहरूबाली मैदान में चैती छठ महापर्व का शुभारंभ धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ किया गया। सूर्य षष्ठी समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में झंडोत्तोलन कर महापर्व की औपचारिक शुरुआत हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
समिति के अध्यक्ष श्याम बाबू साह के नेतृत्व में कार्यकारी अध्यक्ष वीरेश कुमार साहनी, उपाध्यक्ष राम नरेश सिंह, वी.एन. चौधरी तथा विनोद राय ने विधिवत झंडा फहराया। इस अवसर पर अध्यक्ष श्याम बाबू साह ने सभी श्रद्धालुओं को चैती छठ की शुभकामनाएं देते हुए इसे आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी से जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान समिति के सचिव अर्जुन कुमार महतो का असमिया पारंपरिक ‘फूलाम गमोछा’ से सम्मान किया गया, वहीं उपाध्यक्ष रविंद्र राय द्वारा सचिव का अभिनंदन किया गया। आयोजन में जय लाल महतो, राजवंशी साह, जय प्रकाश साहा, कोषाध्यक्ष रमाकांत शर्मा, संयुक्त सचिव गणेश गुप्ता, सांस्कृतिक सचिव रविन्द्र साह, सह सांस्कृतिक सचिव कृष्णा साह, घाट सचिव शंभू दास, प्रचार सचिव मुन्ना रजक सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 22 मार्च को नहाय-खाय, 23 मार्च को खरना, 24 मार्च को संध्या अर्घ्य तथा 25 मार्च को पारण के साथ महापर्व का समापन होगा। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का भी संदेश दे रहा है, जिसमें सभी वर्गों की भागीदारी देखने को मिल रही है।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">