लखीमपुर में मतदाता जागरूकता अभियान तेज, शत-प्रतिशत मतदान के लिए स्वीप की पहल
थर्ड आई न्यूज
लखीमपुर से बाबू देव पांडे
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिले में मतदाता जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। स्वीप कार्यक्रम के तहत विभिन्न पहल कर मतदाताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस क्रम में लखीमपुर के जिला आयुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आदित्य विक्रम यादव ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करेगा।
स्वीप अभियान के तहत कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शैक्षणिक संस्थानों में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का प्रदर्शन किया जा रहा है, साथ ही प्रश्नोत्तरी, व्याख्यान और ईएलसी क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।
इसके अलावा मतदाताओं को जागरूक करने के लिए सेल्फी पॉइंट स्थापित किए गए हैं तथा पोस्टर वितरण के माध्यम से भी संदेश पहुंचाया जा रहा है। वहीं मतदान केंद्रों के बीएलओ द्वारा विभिन्न स्थानों पर बैठकें आयोजित कर लोगों को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि इस बार जिले में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित किया जा सके और अधिक से अधिक मतदाता लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाएं।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">