होजाई में हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियां तेज, लक्ष्मीनारायण मंदिर में तीन दिवसीय महोत्सव 1 अप्रैल से
थर्ड आई न्यूज
होजाई से रमेश मुंदड़ा
शहर के श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर प्रांगण में हर वर्ष की तरह इस बार भी श्री हनुमान जन्मोत्सव को भव्य रूप से मनाने की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। 1 अप्रैल से 3 अप्रैल तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव को लेकर समिति ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
आयोजन की सफलता के लिए राजेश केजड़ीवाल और प्रमोद मोर को संयोजक बनाया गया है। वहीं कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी निरंजन सरावगी को सौंपी गई है। खाद्य व्यवस्था का दायित्व कैलाश मोर और ओमप्रकाश झंवर संभालेंगे। जीवंत झांकियों के लिए बबीता कयाल, मंजू भीमसरिया, नीतू मोर, रीना भीमसरिया, रेखा भीमसरिया, सरिता छावछरिया, निकिता मोर, मुस्कान केजड़ीवाल, हंषा केजड़ीवाल और शोनल अग्रवाल को जिम्मेदारी दी गई है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए दीपिका शर्मा और ललिता भीमसरिया तथा छप्पन भोग के लिए मोनिका बैरिवाल और निर्मला केजड़ीवाल को संयोजक बनाया गया है।
कार्यक्रम के पहले दिन 1 अप्रैल को सायं 3:30 बजे कलश यात्रा के साथ बालाजी महाराज की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो जुगल किशोर केडिया रोड स्थित बालाजी इंजीनियरिंग से प्रारंभ होगी। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, संजीव हनुमान और वानर सेना विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
दूसरे दिन 2 अप्रैल को सुबह 9 बजे से पूजा-अर्चना, महास्नान, सहस्त्राभिषेक, सवामणी भोग, छप्पन भोग और पूर्णिमा महाज्योत का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 1 बजे महाआरती होगी, जबकि शाम 6:30 बजे महाआरती के बाद संजीव हनुमान के हाथों सवामण के लड्डू का भोग लगाया जाएगा, जिसे देखने और प्रसाद ग्रहण करने के लिए हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ते हैं।
तीसरे दिन 3 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे हवन, 12 बजे पूर्णाहुति एवं महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। इसके पश्चात जीमणवार (भंडारा) का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन समिति के संयोजक राजेश केजड़ीवाल और प्रमोद मोर ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर इस भव्य धार्मिक आयोजन की शोभा बढ़ाएं।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">