पुराने जेल परिसर की पार्किंग खोलने को लेकर एकजुट हुए संगठन, मध्य गुवाहाटी सिटीजन फोरम की जनसभा में बनी रणनीति
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 29 मार्च। फैंसी बाजार स्थित पुराने जेल परिसर में पार्किंग व्यवस्था बंद होने से उत्पन्न संकट को लेकर स्थानीय व्यापारी, निवासी एवं विभिन्न संगठनों ने एकजुट होकर समाधान की दिशा में पहल तेज कर दी है। इसी कड़ी में मध्य गुवाहाटी सिटीजन फोरम के नेतृत्व में रविवार को सांगानेरिया धर्मशाला में एक महत्वपूर्ण जनसभा आयोजित की गई।
पिछले कुछ दिनों से लगातार इस मुद्दे पर बैठकों और जनसभाओं के माध्यम से स्थानीय लोग अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। पार्किंग बंद होने से व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ा है और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।
सभा का संचालन रवि अजीतसरिया ने किया, जबकि कामरूप चैंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष एवं पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा ने अध्यक्षता की। अपने संबोधन में काबरा ने समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि यदि संगठित रूप से और उचित तरीके से बात रखी जाए तो समाधान संभव है। उन्होंने अपनी संस्थाओं की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
बैठक में असम सरकार के मुख्य सचिव, जिला आयुक्त, जीएमसी, जीएमडीए, ट्रैफिक पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों को एक विस्तृत स्मारक पत्र (मेमोरेंडम) सौंपने का प्रस्ताव पारित किया गया। इस स्मारक पत्र में पुराने जेल परिसर में लगभग तीन हजार दोपहिया और दो हजार चारपहिया वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा पुनः बहाल करने की मांग रखी गई है।
सभा में तैयार किए गए स्मारक पत्र के प्रारूप पर विस्तृत चर्चा की गई और सभी संगठनों से सहमति प्राप्त करने का निर्णय लिया गया। साथ ही विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों को जोड़ते हुए एक संयोजन समिति का गठन किया गया, जिसमें अमित गोयल, फैजुर रहमान (ज्वेल दा), शैलेंद्र शर्मा, कैलाश काबरा, चंदनमल सेठिया, रवि अजीतसरिया, इफ्तेकार हुसैन, आनंद गोयनका, विवेक सांगानेरिया, गौरव खेमका, आशीष अजीतसरिया और करुण रूंगटा को शामिल किया गया।
सभा में यह भी निर्णय लिया गया कि स्मारक पत्र सौंपने के बाद यदि 15 दिनों के भीतर समाधान नहीं होता, तो आगे की रणनीति तय कर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक में मंच पर कैलाश काबरा, अमित गोयल, इफ्तेकार हुसैन, शैलेंद्र शर्मा, विवेक सांगानेरिया, आशीष जालान, करुण रूंगटा, गौरव खेमका सहित कई प्रमुख व्यक्ति उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त रेडीमेड गारमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुब्रत राय, नॉर्थ ईस्ट गारमेंट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष शेखर अग्रवाल सहित अनेक व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
इस मुहिम को लखटकिया क्षेत्र के विभिन्न व्यापारिक संगठनों, गुवाहाटी इलेक्ट्रिक मर्चेंट एसोसिएशन, केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ऑफ असम, शॉपर्स प्वाइंट, बाबू बाजार, आरएल कॉम्प्लेक्स, सूरज मार्केट, महावीर मार्केट, लोहिया मार्केट सहित कई संस्थाओं का व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ है।
सभा में सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यह प्रयास किसी सरकार या राजनीतिक दल के विरोध में नहीं है, बल्कि स्थानीय व्यापारियों और निवासियों के हितों की रक्षा के लिए है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पार्किंग सुविधा बहाल करना आम जनता की मूल आवश्यकता और अधिकार है।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">