तिताबर में राहुल गांधी और गौरव गोगोई की हुंकार, भाजपा सरकार पर तीखे आरोप
थर्ड आई न्यूज़
तिताबर (जोरहाट) से नीरज खंडेलवाल
असम विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र तिताबर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कांग्रेस की विशाल जनसभा में राहुल गांधी और गौरव गोगोई ने भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला। कांग्रेस प्रत्याशी प्राण कुर्मी के समर्थन में आयोजित इस रैली में नेताओं ने राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, कथित भ्रष्टाचार और केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों पर कई सवाल उठाए।
सभा को संबोधित करते हुए गौरव गोगोई ने कहा कि “नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने वाले नेता राहुल गांधी हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि असम पिछले कुछ वर्षों में “सिंडिकेट राज” के प्रभाव में आ गया है, जहां अवैध रेत, कोयला और पशु व्यापार जैसे क्षेत्रों में भ्रष्टाचार फैला हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर निशाना साधते हुए उन्हें इस कथित व्यवस्था का केंद्र बताया।
गोगोई ने भाजपा में शामिल हुए पूर्व कांग्रेस नेताओं, जैसे पिजुष हजारिका और जयंत मल्ला बरुआ, पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने सत्ता के लिए विचारधारा बदल ली है। उन्होंने जनता से भाजपा को सत्ता से हटाने और राज्य को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की अपील की।
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि राज्य की जनता से जो भी छीना गया है, उसे वापस दिलाया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से माफी मांगने की बात करते हुए कहा कि कानून के सामने सभी समान हैं और किसी को भी कार्रवाई से छूट नहीं मिलेगी।
राहुल गांधी ने अपने भाषण में महापुरुष शंकरदेव, भूपेन हजारिका, ज्योति प्रसाद अग्रवाला और जुबीन गर्ग का उल्लेख करते हुए असम की सांस्कृतिक विरासत को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि असम प्रेम और भाईचारे की भूमि है, जबकि मौजूदा सरकार समाज में विभाजन पैदा कर रही है।
केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी की नीतियों की आलोचना की और आरोप लगाया कि उनके निर्णयों का प्रतिकूल प्रभाव असम पर पड़ रहा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय संदर्भ में डोनाल्ड ट्रम्प का उल्लेख करते हुए विदेश नीति पर भी सवाल उठाए।
इस अवसर पर कांग्रेस ने जनता के लिए पाँच प्रमुख गारंटियों की घोषणा की, जिनमें महिलाओं को आर्थिक सहायता और व्यवसाय के लिए ₹50,000 तक सहयोग, 10 लाख लोगों को भूमि पट्टा, वरिष्ठ नागरिकों को ₹1250 मासिक सहायता तथा ₹25 लाख तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा शामिल है।
राहुल गांधी ने आगामी चुनाव को “विचारधारा की लड़ाई” बताते हुए कहा कि यह मुकाबला दो अलग-अलग सोचों के बीच है। अंत में कांग्रेस नेताओं ने मतदाताओं से कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर “गरीबों की सरकार” बनाने की अपील की।
यह रैली तिताबर क्षेत्र में कांग्रेस के चुनाव अभियान को नई गति देती नजर आई और आगामी चुनावी मुकाबले को और अधिक रोचक बना गई।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">