नगांव में बाढ़ की स्थिति गंभीर, 189 गांव जलमग्न — एक लाख से अधिक लोग प्रभावित

थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
नगांव जिले में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। यद्यपि कपिली, बरपानी और ब्रह्मपुत्र नदियों के जलस्तर में कुछ कमी दर्ज की गई है, लेकिन कलंग नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से राहत के आसार फिलहाल नहीं दिख रहे हैं। बीते चार दिनों में कई नए अंचल जलमग्न हो चुके हैं, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
189 गांवों पर बाढ़ का कहर
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जिले के कुल 189 गांव अब तक बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। इनमें प्रमुख रूप से:
कामपुर राजस्व चक्र – 95 गांव
नगांव सदर – 14 गांव
कलियाबर – 11 गांव
रुपहीहाट – 2 गांव
सामागुरी – 10 गांव
रोहा – 57 गांव
इन इलाकों में कुल 1,02,716 लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें 35,259 पुरुष, 26,930 महिलाएं और 36,527 बच्चे शामिल हैं।
कृषि को भी बड़ा नुकसान
बाढ़ के कारण 160,322 हेक्टेयर कृषि भूमि को गंभीर नुकसान हुआ है। खेत-खलिहान डूबने से किसानों की आजीविका पर संकट गहरा गया है।
राहत कार्य अपर्याप्त — लोगों में असंतोष :
हालांकि जिला प्रशासन द्वारा राहत शिविरों में खाद्य सामग्री वितरित की जा रही है, मगर स्थानीय लोगों ने इसे अपर्याप्त बताते हुए नाराजगी जाहिर की है। प्रशासनिक स्तर पर राहत प्रयासों में तेजी की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
मंत्री का दौरा, मदद का आश्वासन :
राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्री डॉ. केशव महंत ने कलियाबर क्षेत्र के कई बाढ़ग्रस्त गांवों का दौरा किया और लोगों से संवाद कर हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
नदियों का जलस्तर – ताज़ा स्थिति :
कामपुर में कपिली नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 53 सेमी ऊपर
शीलघाट में ब्रह्मपुत्र नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 80 सेमी नीचे
नगांव शहर में कलंग नदी का जलस्तर खतरे के निशान से मात्र 6 सेमी नीचे, परंतु लगातार बढ़ रहा है
रोहा में कलंग नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 25 सेमी नीचे, किंतु प्रवाह में वृद्धि देखी जा रही है
स्थिति पर निगरानी जारी :
बाढ़ की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। आने वाले दिनों में यदि वर्षा की तीव्रता बनी रही, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है। जनता को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।