वीर लाचित सेना के खिलाफ पुलिस का कसता शिकंजा,नगांव में दो पदाधिकारी गिरफ्तार
थर्ड आई न्यूज़
नगांव से जयप्रकाश सिंह
राज्य के विभिन्न हिस्सों में वीर लाचित सेना से जुड़ी कथित धन उगाही और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा द्वारा कुछ दिन पहले संगठन की संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी देने के बाद से यह अभियान लगातार जारी है।
इसी क्रम में, नगांव पुलिस ने बीती रात वीर लाचित सेना के दो जिला पदाधिकारियों — उपाध्यक्ष कामार नाजमान और सचिव त्रैलोक्य सैकिया — को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, कामार नाजमान नगांव शहर के फौजदारीपट्टी क्षेत्र का निवासी है, जबकि त्रैलोक्य सैकिया मरिकलंग बरघाट का रहने वाला है।
इसी बीच, सामगुरी थाना पुलिस ने वीर लाचित सेना की कलियाबर आंचलिक समिति के अध्यक्ष दीपज्योति फुकन, सदस्य प्रांजल दास और रूपटी बरा को भी हिरासत में लिया है। इन सभी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 61(2)/126(2)/117(2)/140(3)/304(2)/308(4) के तहत मामला संख्या 240/25 दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों पर कई लोगों से धन उगाही (एक्सटॉर्शन) की शिकायतें मिली थीं। सामगुरी क्षेत्र के एक मामले में उन पर अवैध पशु व्यापारियों से पैसे मांगने का आरोप भी लगा है। बताया जाता है कि हाल ही में इन लोगों ने सामगुरी के रंगागढ़ इलाके में एक पशु-वाहक ट्रक चालक से धन की मांग की थी।
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने हाल ही में कहा था कि राज्य सरकार वीर लाचित सेना की गतिविधियों पर बारीकी से नज़र रख रही है, और यदि आवश्यक हुआ तो इस संगठन पर प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है।

