राज्य कार्यकारिणी बैठक: असम भाजपा ने प्रवासन, जनजातीय मान्यता और भूमि अधिकारों पर बनाई रणनीति
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी। असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दो दिवसीय राज्य कार्यकारिणी बैठक का पहला दिन शुक्रवार, 26 दिसंबर को श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र, गुवाहाटी में संपन्न हुआ। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक तथा संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान असम की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक गतिविधियों और 2026 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की गई। पहले दिन के सत्र में पार्टी नेताओं ने असम की भूमिका को एक सुरक्षित, विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सुदृढ़ करने से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की।
चर्चा के प्रमुख विषयों में आक्रामक प्रवासन पर नियंत्रण, भूमि अधिकारों से जुड़े मुद्दे, तथा छह समुदायों को जनजातीय दर्जा देने की प्रक्रिया शामिल रही, साथ ही अन्य समुदायों के साथ न्याय सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा असम समझौते के अनुच्छेद 6 के क्रियान्वयन को लेकर रणनीतियों पर चर्चा हुई और कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे कथित भ्रामक विमर्शों का जवाब देने की योजना बनाई गई।
बैठक में शासन के रोडमैप, चुनावी तैयारियों, तथा जनता से प्रभावी संवाद स्थापित करने की रणनीतियों पर भी विस्तार से मंथन हुआ। पार्टी सूत्रों के अनुसार, उद्यमिता और सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने तथा संवाद के जरिए सीमा विवादों के समाधान जैसे मुद्दे भी चर्चा के केंद्र में रहे।
राज्य कार्यकारिणी बैठक का दूसरा और अंतिम दिन शनिवार, 27 दिसंबर को होगा, जिसमें चुनावी रणनीतियों को अंतिम रूप देने, संगठनात्मक योजनाओं की समीक्षा करने और असम के राजनीतिक रोडमैप से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों को पारित किए जाने की संभावना है।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">