असम में 5.1 तीव्रता का भूकंप, जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी । आज तड़के असम और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में रिक्टर पैमाने पर 5.1 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। यह भूकंप सुबह 4:17 बजे आया, जिससे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार भूकंप का केंद्र असम के मोरीगांव जिले के निकट दर्ज किया गया है। भूकंप का केंद्र पृथ्वी की सतह से लगभग 50 किलोमीटर की गहराई में था। एनसीएस ने इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ (X) के माध्यम से दी।
भूकंप के झटके मोरीगांव सहित मध्य असम के कई इलाकों में महसूस किए गए। ठंड और घने कोहरे के बीच झटके महसूस होते ही कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, अब तक किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की कोई सूचना नहीं मिली है।
जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र कोपिली फॉल्ट लाइन क्षेत्र में स्थित है, जहां पूर्व में भी कई बार भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की जा चुकी हैं। उल्लेखनीय है कि असम सहित पूरा पूर्वोत्तर भारत देश के सबसे संवेदनशील भूकंपीय क्षेत्रों में शामिल है।
प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और फिलहाल किसी आपात स्थिति की पुष्टि नहीं हुई है।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">