श्री श्याम सत्संग मंडल का 57वां फाल्गुन महोत्सव 27–28 फरवरी को, साधना मंदिर में सजेगा अलौकिक दरबार
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 12 फरवरी। महानगर की प्रतिष्ठित एवं प्राचीन धार्मिक संस्थाओं में से एक श्री श्याम सत्संग मंडल की सभा हाल ही में संपन्न हुई, जिसमें मंडल के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभा में खाटू नरेश श्री श्याम प्रभु के 57वें श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव के आयोजन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया तथा विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
निर्णय लिया गया कि आगामी 27 एवं 28 फरवरी को फैंसी बाजार स्थित एमएस रोड के साधना मंदिर प्रांगण में दो दिवसीय फाल्गुन महोत्सव श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के दौरान फूलों से सुसज्जित खाटू नरेश श्री श्याम प्रभु का भव्य एवं अलौकिक दरबार विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
महोत्सव के प्रथम दिन प्रातः विधिवत पूजा-अर्चना के साथ अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित की जाएगी। महाआरती के उपरांत स्थानीय भजन गायकों द्वारा कीर्तन प्रारंभ होगा तथा 24 घंटे का अखंड श्री श्याम संकीर्तन आरंभ किया जाएगा। सायं 7 बजे से प्रख्यात भजन गायिका सुरभी चतुर्वेदी एवं भजन गायक नवीन जोशी अपनी मधुर प्रस्तुतियों से दरबार में भजनों की पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
द्वितीय दिवस 28 फरवरी को प्रातः भजन-कीर्तन, हवन एवं पूर्णाहुति के पश्चात महाआरती संपन्न होगी। इसके उपरांत बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा और श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया जाएगा। शोभायात्रा के संबंध में प्रशासन से औपचारिक अनुमति प्राप्त होने के पश्चात समय एवं अन्य व्यवस्थाओं की घोषणा की जाएगी।
मंडल के पदाधिकारी एवं सदस्य महोत्सव को भव्य एवं सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं। श्रद्धालुओं में भी आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">