मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी द्वारा होली मिलन समारोह 4 मार्च को गोहाटी गौशाला प्रांगण में
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी। मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा द्वारा आगामी 4 मार्च 2026, बुधवार को सायं 4:30 बजे से श्री गोहाटी गौशाला प्रांगण, आठगांव (गुवाहाटी) में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर सायं 6 बजे से सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन होगा, जिसमें रंगारंग प्रस्तुतियाँ आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में संयुक्त पुलिस आयुक्त, गुवाहाटी श्री अंकुर जैन, IPS उपस्थित रहेंगे। उनकी गरिमामयी उपस्थिति समारोह की शोभा बढ़ाएगी।
आयोजन समिति के अनुसार यह कार्यक्रम समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाकर पारंपरिक उत्साह और सांस्कृतिक समरसता के साथ होली मिलन समारोह मनाने का अवसर प्रदान करता है ।
कार्यक्रम संयोजक के रूप में विवेक सांगानेरिया एवं विनोद कुमार जिंदल सक्रिय रूप से तैयारी में जुटे हैं। सम्मेलन के अध्यक्ष शंकर बिड़ला तथा मंत्री सूरज सिंघानिया आयोजन की समग्र व्यवस्था का नेतृत्व कर रहे हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम का संयोजन मारवाड़ी सम्मेलन महिला शाखा द्वारा किया जाएगा, जबकि कोषाध्यक्ष नरेंद्र सोनी आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग दे रहे हैं।
मारवाड़ी सम्मेलन के पदाधिकारियों ने बताया कि होली मिलन समारोह सामाजिक एकता, पारिवारिक सहभागिता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का प्रतीक है। कार्यक्रम को लेकर समाज में उत्साह का वातावरण बना हुआ है।

