राजस्थानी युवक संघ, नगांव का भव्य होली प्रीति सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजी रंगारंग संध्या
नगांव से जयप्रकाश सिंह
राजस्थानी युवक संघ, नगांव की ओर से होली के पावन अवसर पर 4 मार्च को सायं 6:30 बजे से सेठ मेघराज अग्रवाल स्मृति भवन में भव्य होली प्रीति सम्मेलन का आयोजन किया गया। रंगों के इस उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, हास्य प्रस्तुति और पारंपरिक लोकधुनों ने माहौल को उल्लासमय बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत संघ के अध्यक्ष झूमरमल दूगड़ के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने सभी अतिथियों और समाजबंधुओं का स्वागत करते हुए कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है।
कार्यक्रम का शुभारंभ डिंपल झंवर द्वारा प्रस्तुत मंगलमय गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद महिला समिति ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से “सेव वाटर” विषय पर एक नाटक भी प्रस्तुत किया गया, जिसने जल संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में काव्या बिहानी ने राजस्थानी संस्कृति पर आधारित आकर्षक एकल नृत्य प्रस्तुत किया। युवती विभाग की सदस्याओं ने मारवाड़ी परंपरा पर आधारित सामूहिक नृत्य से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में गौरव तोदी की स्टैंडअप कॉमेडी ने उपस्थित लोगों को खूब गुदगुदाया।
असमिया संस्कृति की झलक पेश करते हुए डिंपल झंवर ने मनमोहक बिहू नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं बच्चों द्वारा चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक उपलब्धि पर आधारित नृत्य और अभिनय ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। होली के उल्लास के बीच शंकर वर्मा एंड टीम द्वारा प्रस्तुत चंग का धमाल कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा, जिसने पूरे सभागार को होली के रंग में सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान महिला विभाग की पूनम बागड़ियां और सविता अजीतसरिया ने होली पर्व से जुड़े रोचक प्रश्न-उत्तर पूछे, जिनमें उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महिला एवं युवती विभाग की सदस्याओं और बच्चों ने भी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें हेमा झंवर, निशा किल्ला, मानसी बजाज, डिंपल शर्मा, दिव्य वर्मा, नीतू सोलंकी, शिल्पा भारतीय, श्वेता ढाढ़रीया, काजल अजीतसरिया, दीपिका अग्रवाला, जीता रातसूरिया, पायल दूगड़, विनीता अग्रवाल, साक्षी सेठिया, नेहा अग्रवाल, कनक सोलंकी, गीतिका अग्रवाल, भाविका झंवर, लक्ष्य कोठारी, लव्य ढाढ़रीया, प्रख्यात पोद्दार, मयंक खेतान, धैर्य अग्रवाल, लक्ष्य सिंधी, मुकेश पेड़ीवाल, कनक मोर, कार्तिक मोर सहित बच्चों में किशिका गगड़, आयुषी चौधरी, किशा गगड़, बनिका अग्रवाल, समयुक्ता दूगड़ और जिगर अग्रवाल शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान समाज और क्षेत्र में सकारात्मक पत्रकारिता के लिए पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया। उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति-चिन्ह भेंट कर समाज के प्रति उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सांस्कृतिक सचिव महेश भंजनका की मेहनत सराहनीय रही, जबकि होली प्रीति सम्मेलन के संयोजक मुकेश पोद्दार ने पूरे आयोजन की जिम्मेदारी संभाली। कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रधान सचिव अजीत कोठारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके प्रभावशाली मंच संचालन ने पूरे आयोजन को रोचक और सुसंगठित बनाए रखा।
कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति, महिलाएं, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने होली के इस सांस्कृतिक उत्सव का भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था भी की गई, जिसकी देखरेख मनोज गुजरानी ने की।
संघ की पूरी कार्यकारिणी समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम योगदान दिया। यह जानकारी संघ के उपाध्यक्ष मनीष आलमपुरिया ने दी।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">