alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी का भव्य होली मिलनोत्सव सम्पन्न, सांस्कृतिक संध्या में बच्चों की प्रस्तुतियों ने जीता सबका मन

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 5 मार्च। मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा की ओर से मारवाड़ी समाज को मोतियों की तरह एक सूत्र में पिरोए रखने के उद्देश्य से इस वर्ष भी भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। आठगांव स्थित श्री गौहाटी गौशाला प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज बंधुओं की उपस्थिति रही। सायंकाल आयोजित सांस्कृतिक संध्या में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी, जिसने पूरे आयोजन को उत्सवमय बना दिया।

मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा द्वारा पिछले कई दशकों से सामाजिक सौहार्द्र और आपसी भाईचारे की यह परंपरा निभाई जा रही है। इस अवसर पर समाज के लोग एक-दूसरे से मिलते हैं, बड़े बुजुर्गों से आशीर्वाद प्राप्त करते हैं और समवयस्क मित्र एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करते हैं। यह आयोजन समाज को राजस्थानी लोकगीत, कला और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने के साथ नई पीढ़ी में संस्कारों के संवर्धन का माध्यम भी बनता जा रहा है।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में मारवाड़ी सम्मेलन महिला शाखा के सहयोग से भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन गुवाहाटी के संयुक्त पुलिस आयुक्त अंकुर जैन, आईपीएस ने भगवान गणेश के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर गुवाहाटी शाखा के संरक्षक कैलाश लोहिया, डॉ. अशोक धानुका, प्रदीप भड़ेच, गौहाटी गौशाला के अध्यक्ष रमेश गोयनका, मंत्री रामस्वरूप जोशी, शरत जैन, समाजसेवी राजकुमार शर्मा तथा पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष कैलाश काबरा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम संयोजक विवेक सांगानेरिया एवं विनोद जिंदल सहित कोषाध्यक्ष नरेंद्र सोनी, मंत्री सूरज सिंघानिया, उपाध्यक्ष प्रदीप भुवालका और महेंद्र मित्तल, अध्यक्ष शंकर बिड़ला, सलाहकार ओमप्रकाश लोहिया, नारायण नरूका, पीतराम केडिया तथा कार्यकारिणी सदस्य घनश्याम धानुका भी समारोह में मौजूद थे।

मुख्य अतिथि अंकुर जैन का अभिनंदन कैलाश लोहिया, डॉ. अशोक धानुका, प्रदीप भड़ेच, कैलाश काबरा और रमेश गोयनका ने किया। शाखाध्यक्ष शंकर बिड़ला के स्वागत भाषण के बाद प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा ने सभा को संबोधित किया, जबकि प्रदीप भुवालका ने मुख्य अतिथि का परिचय प्रस्तुत किया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि अंकुर जैन ने कहा कि मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा किए जा रहे सामाजिक और सेवा कार्य अत्यंत सराहनीय हैं। मोबाइल और डिजिटल युग में, जब लोग अपने-अपने दायरे में सीमित होते जा रहे हैं, ऐसे समय में इतने बड़े पैमाने पर समाज की उपस्थिति समाज की एकता और संगठन की सक्रियता का प्रमाण है। उन्होंने गौहाटी गौशाला में की जा रही गौसेवा की भी प्रशंसा की।

सांस्कृतिक संध्या में मारवाड़ी सम्मेलन महिला शाखा की प्रांतीय अध्यक्ष संतोष शर्मा के नेतृत्व में संयोजिका रश्मि जैन, सिया शर्मा, संगीता बुचा, अमिता बैद और खुशबू मोर के मार्गदर्शन में समाज के बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शिव तांडव, राधा-कृष्ण नृत्य, बिहू, भरतनाट्यम और कालबेलिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

अंत में कार्यक्रम संयोजक विवेक सांगानेरिया ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए मारवाड़ी सम्मेलन महिला शाखा और गुवाहाटी शाखा के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में सम्मेलन की राष्ट्रीय, प्रांतीय तथा गुवाहाटी की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *