alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

कल्याण भवन में 2 अप्रैल को धूमधाम से मनाया जाएगा हनुमान जन्मोत्सव, श्री मारुति मंडल की साधारण सभा संपन्न

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी: श्री मारुति मंडल दिसपुर का 32वां वार्षिक उत्सव एवं हनुमान जन्मोत्सव आगामी 2 अप्रैल 2026, गुरुवार को दिसपुर स्थित कल्याण भवन में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों और रूपरेखा पर चर्चा के लिए 8 मार्च 2026 को कल्याण भवन में मंडल की साधारण सभा आयोजित की गई।

सभा की अध्यक्षता मंडल के अध्यक्ष सज्जन भजनका ने की। बैठक में उपस्थित सदस्यों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श के बाद इस वर्ष भगवान हनुमान का जन्मोत्सव भव्य रूप से एक दिवसीय कार्यक्रम के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया।

मंडल के सचिव मनमोहन शर्मा ने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियां पिछले कई दिनों से चल रही हैं और इस वर्ष कार्यक्रम में कुछ विशेष आकर्षण भी देखने को मिलेंगे।

मंडल के उपाध्यक्ष रामेश्वरलाल शर्मा और अशोक गोयल ने जानकारी दी कि इस अवसर पर प्रयागराज और बनारस से सुप्रसिद्ध भजन गायकों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा गुवाहाटी के प्रसिद्ध गायक सुभाष पारीक भी अपनी भजन प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।

मंडल के सदस्य संदीप भजनका, अमित जैन, प्रवीण अग्रवाल और महेश अग्रवाल ने सभी श्रद्धालुओं से इस भव्य आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया।

सभा के अंत में कोषाध्यक्ष खजान शर्मा ने पिछले वर्ष का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया और आगामी हनुमान जन्मोत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी सदस्यों से सहयोग की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *