असम चुनाव 2026: भाजपा ने जारी की 88 उम्मीदवारों की सूची, नए चेहरों को मौका, सिद्धार्थ भट्टाचार्य और अतुल बोरा के कटे टिकट
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी I असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने 88 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में कई नए चेहरों को मौका दिया गया है, जबकि कई मौजूदा विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के टिकट काटे गए हैं, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए प्रद्युत बरदलै को दिसपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। उन्होंने हिमंत विश्व शर्मा की मौजूदगी में भाजपा का दामन थामा था। वहीं, पूर्व असम कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा को बिहपुरिया सीट से मैदान में उतारा गया है।
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा एक बार फिर अपनी पारंपरिक जालुकबाड़ी सीट से चुनाव लड़ेंगे। जोरहाट में भाजपा के हितेंद्र नाथ गोस्वामी का मुकाबला कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई से होने की संभावना है, जिसे हाई-प्रोफाइल मुकाबला माना जा रहा है।
प्रमुख उम्मीदवार :
भाजपा ने कई महत्वपूर्ण सीटों पर अपने प्रमुख चेहरों को मैदान में उतारा है। इनमें टांकेश्वर राभा (दुधनाई), हिमांशु शेखर बैश्य (पलासबाड़ी ), भवेश कलिता (रंगिया), दिगंत कलिता (कमलपुर), दिप्लु रंजन शर्मा (न्यू गुवाहाटी), विजय कुमार गुप्ता (गुवाहाटी सेंट्रल), बिस्वजीत दैमारी (तमुलपुर), परम आनंद राजबोंगशी (सिपाझार), रामाकांत देवरी (मोरीगांव), मुकुट कुमार देबनाथ (धिंग), जितु गोस्वामी (बरहामपुर), रूपक शर्मा (नगांव-बटद्रवा), शिलादित्य देव (होजाई), कृष्ण कमल तांती (रंगापारा), पद्म हजारिका (नादुआर), पल्लव लोचन दास (बिश्वनाथ), उत्पल बोरा (गोपुर), मानव डेका (लखीमपुर), नबा कुमार डोले (ढाकुआखाना), रूपेश गोवाला (डूमडूमा), भास्कर शर्मा (मार्घेरिटा), संजय किशन (माकुम), रामेश्वर तेली (दुलियाजान), तरंग गोगोई (नाहरकटिया), सुषांत बोरगोहेन (डेमो), मयूर बोरगोहेन (नजीरा), भुवन गाम (माजुली), रूपज्योति कुर्मी (मरियानी), मृणाल सैकिया (खुमटाई), रूपाली लांग्थासा (हाफलोंग) और कमलाख्या डे पुरकायस्थ (कटीगोराह) शामिल हैं।
कई दिग्गजों के टिकट कटे :
इस बार पार्टी ने कई मौजूदा विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को टिकट नहीं दिया है। इनमें दिसपुर के विधायक अतुल बोरा, बिहपुरिया के अमिया कुमार भुयान, उपाध्यक्ष नुमल मोमिन, वरिष्ठ नेता सिद्धार्थ भट्टाचार्य, हेमंगा ठाकुरिया, रामकृष्ण घोष, अजय कुमार राय, प्रमोद बोरठाकुर, मिहिर कांती शोम, दिपायन चक्रवर्ती, बिद्या सिंह इंग्लेंग, डोरसिंग रोंगहांग और गणेश कुमार लिम्बू जैसे नाम शामिल हैं।
दिसपुर से टिकट कटने के बाद अतुल बोरा ने नाराज़गी जाहिर करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस उम्मीदवार मीरा बोरठाकुर का समर्थन करने की चेतावनी भी दी है। वहीं, ढोलाई के विधायक निहार रंजन दास को भी टिकट नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया।
महिला उम्मीदवारों को भी मौका :
भाजपा ने इस बार महिला उम्मीदवारों को भी पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया है। इनमें माधवी दास (बिरसिंग-जरुआ), ज्योत्स्ना कलिता (चामरिया), नीलिमा देवी (मंगलदई), अंजंता नेओग (गोलाघाट), निसो तेरांगपी (दीफू) और रूपाली लांग्थासा (हाफलोंग) शामिल हैं।
कुल मिलाकर भाजपा की यह सूची आगामी चुनाव को देखते हुए एक रणनीतिक बदलाव का संकेत देती है, जिसमें नए चेहरों को आगे लाकर संगठन को मजबूत करने का प्रयास किया गया है।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">