भाजपा में शामिल होते ही सांसद प्रद्युत बरदलै के खिलाफ नगांव कांग्रेस में आक्रोश, पोस्टर फाड़े-जलाए
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के बाद सांसद प्रद्युत बरदलै के खिलाफ नगांव जिला कांग्रेस में तीव्र आक्रोश देखने को मिला। उनके इस फैसले से नाराज़ पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खुलकर विरोध प्रदर्शन किया।
नगांव स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय ‘राजीव भवन’ में आज कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रद्युत बरदलै के पोस्टर और होर्डिंग्स को फाड़कर आग के हवाले कर दिया। इस दौरान उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
प्रदर्शन के दौरान नगांव जिला कांग्रेस की अध्यक्ष रुनुमनी बोरा, पूर्व विधायक डॉ. दुर्लभ चमुवा तथा असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव मृणाल हाजरिका सहित अन्य नेताओं ने प्रद्युत बरदलै के फैसले पर गहरी नाराज़गी व्यक्त की। नेताओं ने इसे पार्टी के प्रति विश्वासघात करार देते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि बरदलै का यह कदम पार्टी की विचारधारा और कार्यकर्ताओं की भावनाओं के विपरीत है, जिससे संगठन में असंतोष व्याप्त हो गया है।

