असम चुनाव: मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने हलफनामे में 2.36 करोड़ की संपत्ति घोषित की, अचल संपत्ति नहीं
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी I असम विधानसभा चुनाव से पहले हिमंत विश्व शर्मा ने अपने चुनावी हलफनामे में अपनी वित्तीय स्थिति का विवरण प्रस्तुत किया है। हलफनामे के अनुसार, उनके पास 2.36 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है, जबकि उनके नाम पर कोई अचल संपत्ति दर्ज नहीं है।
घोषित संपत्तियों में बैंक जमा और लगभग 180 ग्राम सोना शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत 25.10 लाख रुपये बताई गई है। वहीं, मुख्यमंत्री ने कुल 95.05 लाख रुपये की देनदारियां भी दर्शाई हैं, जिसमें 31.86 लाख रुपये के गृह ऋण और व्यक्तिगत ऋण शामिल हैं। उनकी आय का मुख्य स्रोत सरकारी वेतन बताया गया है।
दूसरी ओर, उनकी पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा की संपत्ति इससे कहीं अधिक है। उन्होंने 13.54 करोड़ रुपये की चल संपत्ति घोषित की है। इसमें 82.27 लाख रुपये बैंक में जमा, 2.74 करोड़ रुपये गैर-सूचीबद्ध कंपनियों में निवेश, 2.32 करोड़ रुपये म्यूचुअल फंड में और 1.77 करोड़ रुपये जीवन बीमा में शामिल हैं। इसके अलावा, उनके पास 21.60 लाख रुपये की कार और 1.459 किलोग्राम सोने के आभूषण (लगभग 2.03 करोड़ रुपये) भी हैं।
रिनिकी भुइयां शर्मा की अचल संपत्तियों का बाजार मूल्य लगभग 19.25 करोड़ रुपये है। इनमें नूनमती और आरजी बरुआ रोड, गुवाहाटी स्थित जमीन शामिल है। आरजी बरुआ रोड पर करीब 9.73 करोड़ रुपये की लागत से 10 मंजिला इमारत का निर्माण किया गया है, जबकि नूनमाटी स्थित एक संपत्ति को एक गैर-सरकारी संगठन (NGO) को लीज पर दिया गया है।
हालांकि, उनके ऊपर भी 15.91 करोड़ रुपये की देनदारियां दर्ज हैं, जिसमें पंजाब नेशनल बैंक से लिया गया 11.53 करोड़ रुपये का ऋण और प्राइड ईस्ट एंटरटेनमेंट से लिया गया 72.76 लाख रुपये का कर्ज शामिल है।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">