होजाई जिले की तीन सीटों पर नामांकन पूरा, सभी दलों के उम्मीदवारों ने दिखाया दमखम
थर्ड आई न्यूज
होजाई से रमेश मूंदड़ा
आगामी असम विधानसभा चुनाव को लेकर होजाई जिले की तीनों विधानसभा सीटों—होजाई (63), लामडिंग (64) और बिन्नाकांडी (62)—में सभी प्रमुख दलों के उम्मीदवारों ने उत्साहपूर्ण माहौल में अपने नामांकन पत्र दाखिल कर दिए। नामांकन के दौरान तीनों क्षेत्रों में रैलियों, नारों और समर्थकों की भारी भीड़ के साथ चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया।
होजाई सीट से भाजपा उम्मीदवार एवं पूर्व विधायक शिलादित्या देव ने श्रीमंत शंकरदेव नगर स्थित जिला आयुक्त कार्यालय में भारी जनसमर्थन के साथ नामांकन दाखिल किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों और जुलूस के साथ समर्थकों ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। नामांकन के बाद उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के विश्वास और जनता के आशीर्वाद से वे जीत दर्ज कर क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाएंगे।
वहीं कांग्रेस की उम्मीदवार झीली चौधरी ने भी हजारों समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया। उन्होंने जीत का विश्वास जताते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो भरोसा जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा से निभाएंगी। उल्लेखनीय है कि होजाई से पहली बार कोई महिला उम्मीदवार विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं।
लामडिंग सीट से भाजपा उम्मीदवार और दो बार के विधायक शिबू मिश्र ने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास उनके साथ है और परिणाम समय बताएगा।

कांग्रेस उम्मीदवार एवं पूर्व विधायक सपन कर ने भी नामांकन दाखिल करते हुए क्षेत्र के विकास और नई पहचान देने का संकल्प जताया। इसके अलावा निर्दलीय उम्मीदवार यशोदा दुलाल रक्षित ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले के संकेत मिल रहे हैं।
बिन्नाकांडी सीट पर इस बार मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है, जहां All India United Democratic Front (एआईयूडीएफ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बदरुद्दीन अजमल स्वयं मैदान में उतरे हैं। उन्होंने हजारों समर्थकों की मौजूदगी में नामांकन दाखिल करते हुए जीत का दावा किया।
वहीं भाजपा के सहयोगी दल असम गण परिषद (एजीपी) ने शहाबुद्दीन मजूमदार को उम्मीदवार बनाया है, जिन्होंने भी नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा असम जातीय परिषद के रिजऊल करीम चौधरी और रायचोर दल के राज चौधरी सहित कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिससे यहां बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 24 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 26 मार्च नाम वापस लेने की अंतिम तिथि है। राज्य में एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा और 4 मई को मतगणना की जाएगी।
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन के साथ ही चुनावी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है और सभी दल अब प्रचार अभियान को तेज करने में जुट गए हैं।

