alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

सेंट्रल गुवाहाटी सीट पर मुकाबला रोचक: विजय गुप्ता ने भरा नामांकन, समर्थकों की उमड़ी भीड़

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी। प्रतिष्ठित सेंट्रल गुवाहाटी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार विजय कुमार गुप्ता ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार सुबह अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान उनके समर्थन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, जिससे माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया।

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्रों की जांच 24 मार्च को होगी, जबकि 26 मार्च नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। राज्य में एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा और मतगणना 4 मई को संपन्न होगी।

इस सीट पर विजय कुमार गुप्ता का मुकाबला असम जातीय परिषद की युवा उम्मीदवार कुंकी चौधरी से है। उल्लेखनीय है कि असम जातीय परिषद इस चुनाव में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है और सीट बंटवारे के तहत सेंट्रल गुवाहाटी सीट उसके हिस्से में आई है।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, शुरुआती आकलनों में इस सीट पर भाजपा उम्मीदवार को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। विजय कुमार गुप्ता लंबे समय से सक्रिय राजनीति में हैं और लगभग 35 वर्षों से पार्टी संगठन से जुड़े हुए हैं। संगठनात्मक अनुभव और क्षेत्र में मजबूत पकड़ उनके पक्ष में मानी जा रही है। दूसरे इस क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी का सांगठनिक ढांचा ऊपर से नीचे तक काफी मजबूत है I इसके अलावा, सेंट्रल गुवाहाटी क्षेत्र परंपरागत रूप से भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है।

वहीं, कुंकी चौधरी अपेक्षाकृत नई उम्मीदवार हैं, लेकिन युवा और शिक्षित होने के कारण वे क्षेत्र में एक नए विकल्प के रूप में उभर रही हैं। उनके पास विकास को लेकर स्पष्ट दृष्टिकोण है और वे नई पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करती हैं। पर उनके साथ समस्या यह है कि इस क्षेत्र में असम जातीय परिषद का सांगठनिक ढांचा नहीं के बराबर है और वे संगठन के लिए पूरी तरह कांग्रेस पर निर्भर करती हैं I राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह चुनाव उनके राजनीतिक करियर के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकता है।

कुल मिलाकर, सेंट्रल गुवाहाटी सीट पर इस बार अनुभव और युवाशक्ति के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *