नगांव में नामांकन के अंतिम दिन सियासी हलचल तेज, सत्तापक्ष-विपक्ष के कई दिग्गज मैदान में
नगांव से जयप्रकाश सिंह
विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन जिले में राजनीतिक गतिविधियां चरम पर रहीं। नगांव जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में सत्तापक्ष और विपक्ष के उम्मीदवारों सहित एक दर्जन से अधिक प्रत्याशियों ने जिला रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। सुबह से ही शहर में उत्साहपूर्ण माहौल रहा और हजारों समर्थकों के साथ उम्मीदवारों ने जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया।
57 नंबर कलियाबर विधानसभा क्षेत्र से एजीपी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं मंत्री केशव महंत ने भाजपा-एजीपी गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में विशाल रैली के साथ नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का आशीर्वाद उन्हें फिर मिलेगा और डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में राज्य में पुनः एनडीए सरकार बनेगी।
वहीं 59 नंबर बढ़मपुर विधानसभा क्षेत्र से विपक्षी गठबंधन एवं असम जातीय परिषद के उम्मीदवार, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री राजेन गोहाईं ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बार विपक्ष पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ रहा है और जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके समर्थकों को पुलिस द्वारा रोका गया।
अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में 60 नंबर नगांव–बटद्रवा सीट से कांग्रेस के डॉ. दुर्लभ चमुआ, 56 नंबर रूपहीहाट से एजीपी के जाकिर हुसैन फराजी और एआईयूडीएफ के आमीनुल इस्लाम, 58 नंबर सामगुड़ी से भाजपा के अनिल सैकिया और कांग्रेस के तांजिल हुसैन ने नामांकन दाखिल किया।
इसी तरह 61 नंबर राहा (अनुसूचित जाति) सीट से कांग्रेस के उत्पल बनिया और एआईयूडीएफ के मुकुट दास मैदान में हैं। 55 नंबर धिंग विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के मुकुट देवनाथ, एआईयूडीएफ के मतिउर रहमान, राइजोर दल के मेहबूब मोक्तार तथा कांग्रेस से टिकट न मिलने के बाद हैदर अली ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया।
इसके अलावा कलियाबर सीट से राइजोर दल के प्रदीप कुमार बरुवा, भाजपा के जितेनजीत गौड़ तथा आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों ने भी नामांकन दाखिल किया। बढ़मपुर से एआईयूडीएफ के मजीबूर रहमान ने भी अपना पर्चा भरा।
नामांकन के साथ ही जिले में चुनावी मुकाबला रोचक हो गया है और अब सभी उम्मीदवार प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में हैं।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">