alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

जोरहाट निर्वाचन जिले में नामांकन जांच पूरी, 26 मार्च तक नाम वापसी की अंतिम तिथि

थर्ड आई न्यूज़

जोरहाट से नीरज खंडेलवाल
आगामी 9 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के तहत जोरहाट निर्वाचन जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में दाखिल नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया मंगलवार को पूर्ण कर ली गई। टीक (99), जोरहाट (100), मरीयनी (101) और तीताबर (102) विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रस्तुत नामांकन पत्रों की जांच के बाद अधिकांश उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए।

टीक विधानसभा क्षेत्र (99) से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की पल्लवी सैकिया गोगोई और असम गण परिषद के बिकास सैकिया के नामांकन पत्र वैध घोषित किए गए।

जोरहाट विधानसभा क्षेत्र (100) से कांग्रेस के गौरव गोगोई, आम आदमी पार्टी के प्रणव प्रियांकुश दत्ता, भारतीय जनता पार्टी के हितेन्द्र नाथ गोस्वामी तथा सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) के हेमंत कुमार पेगु के नामांकन सही पाए गए।

मरीयनी विधानसभा क्षेत्र (101) में भाजपा के रूपज्योति कुर्मी, राइजोर दल की ज्ञानश्री बरा, तथा निर्दलीय उम्मीदवार विजय मांजानी और सिद्धार्थ बरा के नामांकन पत्र वैध रहे।

तीताबर विधानसभा क्षेत्र (102) से भाजपा के धीरज गोवाला, आम आदमी पार्टी के पल्लव सैकिया, कांग्रेस के प्राण कुर्मी तथा निर्दलीय भास्कर ज्योति बरूआ के नामांकन स्वीकार किए गए।

इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार सुनीया ताती का नामांकन पत्र जांच में पाई गई त्रुटियों के कारण निरस्त कर दिया गया।

निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, उम्मीदवार 26 मार्च को दोपहर 3 बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। इसी दिन प्रत्याशियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी, जिसके बाद चुनावी मुकाबले की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *