उत्तर लखीमपुर में हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियां तेज, त्रिदिवसीय कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार
थर्ड आई न्यूज
लखीमपुर से बाबू देव पांडे
धर्मनगरी उत्तर लखीमपुर के खेल माटी वार्ड संख्या-14 स्थित श्री श्री हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिर परिसर की साफ-सफाई और सजावट का कार्य अंतिम चरण में है।
मंदिर समिति द्वारा 1 अप्रैल से 3 अप्रैल तक त्रिदिवसीय कार्यक्रमों के साथ भव्य रूप से हनुमान जन्मोत्सव मनाया जाएगा। पहले दिन 1 अप्रैल को सुबह 7 बजे पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जिसके बाद 8 बजे से 24 घंटे का अष्टयाम प्रारंभ किया जाएगा।
2 अप्रैल को प्रातः 10 बजे कोइलामारी सुंदरकांड मंडली द्वारा सामूहिक हवन-पूजन के साथ अष्टयाम का समापन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 1 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें विभिन्न धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र होंगी। शोभायात्रा के समापन के बाद मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण किया जाएगा। शाम 7 बजे से हनुमान चालीसा भक्त मंडली द्वारा सामूहिक संगीतमय पाठ का आयोजन होगा।
अंतिम दिन 3 अप्रैल को दोपहर 12:45 बजे से शाम 4 बजे तक विशाल अमृत भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत प्रसाद और सचिव भोला पांडेय ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें और उत्सव को सफल बनाने में सहयोग करें।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">