रोहा में सीएम हिमंत विश्व शर्मा का चुनावी रणघोष, ‘महान असम’ के विज़न के साथ भाजपा के लिए मांगा समर्थन
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
61 नंबर रोहा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विजय संकल्प यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने चुनावी बिगुल फूंकते हुए भाजपा उम्मीदवार शशिकांत दास के पक्ष में जोरदार प्रचार किया। रोहा क्रीड़ासंस्था खेल मैदान में आयोजित इस सभा में उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए जनता से भाजपा को समर्थन देने की अपील की।
सभा के दौरान भाजपा उम्मीदवार शशिकांत दास ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक गामोछा और जापी भेंट कर स्वागत किया, साथ ही एक त्रिशूल भी भेंट किया। मुख्यमंत्री ने त्रिशूल हाथ में लेकर विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि अब राज्य की राजनीति बदल चुकी है और जनता विकास के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता गौरव गोगोई के “नया बर असम” के विचार पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य को चाओलुंग चुकाफा और श्रीमंत शंकरदेव द्वारा स्थापित महान असम की परंपरा को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति विशेष समुदाय केंद्रित रही है, जबकि भाजपा सरकार सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण और गरीबों को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
सभा में मुख्यमंत्री ने कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर 2 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। साथ ही राशन कार्ड धारकों को चावल, दाल, नमक, चीनी के साथ 1 लीटर सरसों का तेल भी मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि रहा कॉलेज में विज्ञान शाखा शुरू की जाएगी, क्षेत्र में आधुनिक स्टेडियम का निर्माण होगा तथा नगांव तक सिटी बस सेवा शुरू की जाएगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए जागीरोड की तर्ज पर उद्योग स्थापित किए जाएंगे, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने ‘अरुणोदय’ जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाया है और आगे भी ऐसी योजनाएं जारी रहेंगी।
सभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही और कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने अंत में जनता से अपील की कि वे शशिकांत दास को भारी मतों से विजयी बनाकर विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाएं।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">