चेतना लेडीज क्लब की नई कार्यकारिणी का गठन, रेनू मंगलुनिया बनीं अध्यक्ष
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 31 मार्च। शहर की प्रमुख एवं पुरानी महिला संगठनों में शामिल चेतना लेडीज क्लब की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी सत्र के लिए नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया।
बैठक में क्लब की वरिष्ठ सदस्या रेनू मंगलुनिया को अध्यक्ष, मीना धानुका को सचिव तथा सुधा बजाज को कोषाध्यक्ष चुना गया। नवनियुक्त जनसंपर्क अधिकारी अनु अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि क्लब की परंपरा के अनुसार नई कार्यकारिणी ने कार्यभार संभालने के बाद अपनी पहली परियोजना के तहत पांडू स्थित पांडूनाथ गणेश देवालय में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके बाद क्लब की ओर से शराब भट्टी स्थित शिव-शीतला-हनुमान मंदिर के बाहर जरूरतमंदों एवं राहगीरों के लिए सात्विक भोजन की व्यवस्था की गई। इस सेवा कार्य में बड़ी संख्या में लोगों ने खीर, पूरी और सब्जी का प्रसाद ग्रहण किया।
नवनियुक्त अध्यक्ष रेनू मंगलुनिया ने अपने संबोधन में क्लब की सभी सदस्याओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करेंगी। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान सभी सदस्याओं से सहयोग और मार्गदर्शन की अपेक्षा जताई।
इससे पूर्व बैठक में निवर्तमान अध्यक्ष ममता हरलालका, सचिव श्वेता सोमानी और कोषाध्यक्ष मीना मोर ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान प्राप्त सहयोग के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
क्लब की नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही सामाजिक सेवा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में नई ऊर्जा के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया गया।

