अक्षय तृतीया पर माहेश्वरी महिला समिति का भजन जेमिंग कार्यक्रम, माहेश्वरी भवन में गूंजा भक्ति रस
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी । छत्रीबाड़ी स्थित माहेश्वरी भवन में माहेश्वरी महिला समिति ने नए सत्र की शुरुआत अक्षय तृतीया के अवसर पर भजन जेमिंग कार्यक्रम के साथ की। आयोजन ने श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का सुंदर संगम प्रस्तुत किया, जहाँ मधुर भजनों और आध्यात्मिक वातावरण ने उपस्थित सदस्याओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम की संयोजिका रचना काबरा और मंजू सोनी रहीं, जिनके समर्पित प्रयासों ने आयोजन को सुसंगठित रूप दिया। समिति की अध्यक्ष वंदना बिहानी, सचिव निगम तापड़िया और कोषाध्यक्ष सीमा सोनी के सहयोग से कार्यक्रम सुचारु रूप से सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत महेश वंदना से हुई, जिसके बाद मुक्ता कसेरा ने अपने मधुर स्वरों में भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उपस्थित महिलाओं ने भी सक्रिय सहभागिता के साथ तालियों और संगत के माध्यम से आयोजन को जीवंत बनाए रखा।
इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष वर्षा सोमानी सहित पूर्व पदाधिकारियों ने अपने विचार रखते हुए ऐसे आयोजनों को सामाजिक एकता और आत्मिक शांति का माध्यम बताया।
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। जनसंपर्क अधिकारी पार्वती बिड़ला के अनुसार आयोजन को सफल बनाने में समिति की सभी सदस्याओं का सक्रिय सहयोग रहा।

