लायंस क्लब ऑफ गौहाटी ग्रेटर ने शुरू किया ‘ग्रेटर लायंस कम्युनिटी किचन’,‘कोई भूखा न सोए’ संकल्प के साथ जरूरतमंदों को मिलेगा निःशुल्क भोजन

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी। लायंस क्लब ऑफ गौहाटी ग्रेटर (एलसीजीजी) ने अद्वैता फाउंडेशन के सहयोग से आर्यनगर ओवरब्रिज के नीचे स्थित क्लब के सार्वजनिक शौचालय परिसर में ‘ग्रेटर लायंस कम्युनिटी किचन’ का शुभारंभ किया। इस अभिनव सेवा परियोजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों तक सम्मानपूर्वक पौष्टिक भोजन पहुंचाना है।

अद्वैता फाउंडेशन के प्रमुख आनंद अय्यर ने बताया कि “No One Should Sleep Hungry” (कोई भी भूखा न सोए) के संकल्प के साथ शुरू की गई इस पहल के अंतर्गत प्रतिदिन स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। आर्थिक रूप से सक्षम लोगों को भोजन अत्यंत रियायती दर पर मिलेगा, जबकि निर्धन एवं जरूरतमंद लोगों को यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की जाएगी।

लायंस क्लब ऑफ गौहाटी ग्रेटर की पूर्व अध्यक्ष नीरू काबरा ने कहा कि यह सामुदायिक रसोई लायंस इंटरनेशनल की वैश्विक सेवा परियोजना “Feed the Hungry” का हिस्सा है। इसका उद्देश्य भूख के विरुद्ध सामूहिक प्रयास करते हुए समाज के वंचित वर्गों तक सम्मानपूर्वक भोजन पहुंचाना और मानव सेवा के मूल्यों को सशक्त बनाना है।

क्लब के अध्यक्ष प्रकाश काबरा ने कहा कि यह केवल एक कम्युनिटी किचन नहीं, बल्कि सेवा, करुणा और मानवीय संवेदनाओं का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल अनेक जरूरतमंद लोगों के जीवन में आशा, सम्मान और सुरक्षा का भाव उत्पन्न करेगी।

उन्होंने इस सेवा परियोजना को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए विशेष रूप से अजय मोर, अमिता मोर, नीरू काबरा और मीनाक्षी माथुर के योगदान की सराहना की। साथ ही उन्होंने समाजसेवियों एवं नागरिकों से इस जनहितकारी अभियान को दीर्घकाल तक सफल बनाने के लिए सहयोग और सहभागिता का आह्वान किया।

क्लब के जनसंपर्क अधिकारी रतन खाखोलिया ने कहा कि ‘ग्रेटर लायंस कम्युनिटी किचन’ केवल भोजन उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व का जीवंत उदाहरण है। यह पहल लायंस क्लब के आदर्श वाक्य “We Serve” (हम सेवा करते हैं) को वास्तविक अर्थों में साकार करती है।

आयोजकों का कहना है कि एक समय का भोजन केवल किसी की भूख ही नहीं मिटाता, बल्कि उसके जीवन में आशा और आत्मसम्मान का संचार भी करता है। इसी सोच के साथ यह सेवा अभियान समाज के प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *