Live Parliament Monsoon Session LIVE: दोनों सदन छह बार स्थगित, राज्यसभा कल तक बाधित; कुछ देर बाद लोकसभा में चर्चा

थर्ड आई न्यूज

नई दिल्ली I संसद का मानसून सत्र आज से शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विपक्ष के नेता संसद पहुंचे। प्रधानमंत्री ने मीडिया को संबोधित किया। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित की गई। वहीं, राज्यसभा में नए सदस्यों को शपथ दिलाई गई है I इस लाइव ब्लॉग में संसद जुड़े तमाम अपडेट्स पढ़ें :

02:48 PM, 20-Jul-2026
दोनों सदन छह बार स्थगित
संसद के मानसून सत्र के पहले दिन ही दोनों सदन छह बार स्थगित किए गए हैं।

01:21 PM, 20-Jul-2026
राहुल-प्रियंका संसद भवन से रवाना :
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी संसद से निकल गए हैं। इस दौरान पत्रकारों ने उनसे कई मुद्दों पर सवाल किए, लेकिन दोनों नेताओं ने कोई भी टिप्पणी नहीं ही। बता दें कि, लोकसभा की कार्यवाही सुबह से चौथी बार स्थगित कर हुई है और अब दोपहर 2 बजे लोकसभा की कार्यवाही फिर से शुरू होगी।

01:00 PM, 20-Jul-2026
यह सरकार नहीं, ‘अहंकार’ है: अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के प्रमुख और सांसद अखिलेश यादव ने कहा, यह सरकार नहीं, ‘अहंकार’ है, जो श्रद्धांजलि देने में भी भेदभाव करते हैं। उन्होंने जान गंवाने वाले बच्चों के लिए दो शब्दों की संवेदना तक व्यक्त नहीं की। सरकार का इससे बड़ा अहंकार क्या हो सकता है? उन्होंने कहा, जब छात्र और युवा यहां आए हैं, तो वे चाहते हैं कि सरकार उनकी बात सुने।

12:52 PM, 20-Jul-2026
राम मंदिर चढ़ावा ‘चोरी’ और पेपर लीक मामले पर सरकार से जवाब मांगेगा इंडिया ब्लॉक :
संसद के मानसून सत्र की शुरुआत के साथ विपक्षी इंडिया ब्लॉक ने सोमवार को कहा कि वह राम मंदिर चढ़ावा ‘चोरी’ मामले और शिक्षा व्यवस्था के ‘व्यवस्थित पतन’ जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेगा। गठबंधन ने कहा कि जनता के अधिकारों की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ी जाएगी।

मानसून सत्र शुरू होने से पहले राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के कक्ष में इंडिया ब्लॉक के फ्लोर नेताओं की बैठक हुई। इसमें संसद के भीतर विपक्ष की रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक में मल्लिकार्जुन खरगे के अलावा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस के लोकसभा उपनेता गौरव गोगोई, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, समाजवादी पार्टी के धर्मेंद्र यादव, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) की सुप्रिया सुले, तृणमूल कांग्रेस के सौगत राय और सागरिका घोष, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के संजय राउत, झारखंड मुक्ति मोर्चा की महुआ माजी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के जॉन ब्रिटास और पी संतोष कुमार समेत कई नेता शामिल हुए।

बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर लिखा कि आज से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र में कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक जनता की आवाज उठाएंगे और हर मुद्दे पर मोदी सरकार से जवाब मांगेंगे।

उन्होंने कहा, चाहे श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी और आस्था के साथ धोखा करने का मामला हो। करोड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर निर्माण के लिए अपनी मेहनत की कमाई श्रद्धा के साथ दान की थी। उन्हें न्याय मिलना चाहिए। इस मामले की तुरंत स्वतंत्र जांच कराई जाए और पूरा हिसाब सार्वजनिक किया जाए।

पेपर लीक के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक 152 पेपर लीक हो चुके हैं और 25 बच्चों की जान जा चुकी है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि 3.5 करोड़ वाहन मालिकों पर इथेनॉल मिश्रण को जबरन लागू करने का मुद्दा भी उठाया जाएगा, जिसे सरकार एक ‘प्रयोग’ बता रही है।

12:35 PM, 20-Jul-2026
लोकसभा-राज्यसभा तीन बार स्थगित :
मानसून सत्र का पहला दिन हंगामेदार रहा। विपक्ष के भारी हंगामे के बीच राज्यसभा और लोकसभा दोनों को तीन बार स्थगित करना पड़ा है। लोकसभा को दोपहर एक बजे तक के लिए स्थगित किया गया है। वहीं, राज्यसभा को 12:50 बजे तक के लिए स्थगित किया गया है।

12:27 PM, 20-Jul-2026
यह संसद सत्र हमारे लिए बहुत यादगार रहेगा: टीएमसी की बागी सांसद रचना बनर्जी
एनसीपीआई में शामिल होने वाले टीएमसी के 20 बागी सांसदों में शामिल रचना बनर्जी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, हम पूरे घटनाक्रम को लेकर बहुत सकारात्मक हैं। मैं अपनी 20 सांसदों की पूरी टीम को शुभकामनाएं देती हूं। हमें लगता है कि यह संसद सत्र हमारे लिए बहुत यादगार रहेगा।

उन्होंने कहा, मैं उनके (ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी) बारे में बात नहीं करना चाहती। अब उनका हमारे लिए कोई अस्तित्व नहीं है। रचना बनर्जी ने दावा किया, हमें एनडीए सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का पूरा समर्थन प्राप्त है।

12:13 PM, 20-Jul-2026
राज्यसभा सभापति ने पूर्व सदस्यों के निधन पर शोक व्यक्त किया :
राज्यसभा के सभापति ने सदन के पूर्व सदस्यों के निधन का जिक्र करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने इन पूर्व सदस्यों को याद किया-

बलबीर के पुंज – राज्यसभा सदस्य रहे। उनका पहला कार्यकाल 3 अप्रैल 2000 से 2 अप्रैल 2006 तक और दूसरा कार्यकाल 3 अप्रैल 2008 से 2 अप्रैल 2014 तक रहा।

स्वपन साधन बोस- राज्यसभा सदस्य रहे। उनका कार्यकाल 19 अगस्त 2005 से 18 अगस्त 2011 तक रहा।

रंगासायी रामकृष्ण – राज्यसभा सदस्य रहे। उनका कार्यकाल 3 अप्रैल 2012 से 2 अप्रैल 2018 तक रहा।

एच. हनुमंथप्पा- राज्यसभा सदस्य रहे। उनका पहला कार्यकाल 3 अप्रैल 1982 से 2 अप्रैल 1988 तक, दूसरा कार्यकाल 3 अप्रैल 1988 से 2 अप्रैल 1994 तक और तीसरा कार्यकाल 3 अप्रैल 1994 से 2 अप्रैल 2000 तक रहा।

12:05 PM, 20-Jul-2026
लोकसभा और राज्यसभा दूसरी बार स्थगित :
संसद के मानसून सत्र के पहले लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में जोरदार हंगामा हुआ। दोनों सदनों में विपक्ष ने हंगामा किया, जिसके बाद दूसरी बार साढ़े 12 बजे तक के लिए दोनों सदनों को स्थगित कर दिया गया है। लोकसभा में जजों की संख्या बढ़ाने वाला विधेयक पेश किया गया, जिस पर भारी हंगामा हुआ।

12:01 PM, 20-Jul-2026
महुआ मोइत्रा ने टीएमसी के बागी सांसदो को बताया ‘गद्दार’ :
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत में कहा, आज हमने देखा कि ये 20 बागी और गद्दार सांसद, जिनके अयोग्यता संबंधी याचिकाएं अभी लंबित हैं, दावा करते हैं कि उन्होंने एक गैर-मान्यता प्राप्त पार्टी एनसीपीआई में शामिल हो गए हैं। लेकिन उनके विलय को अभी तक लोकसभा अध्यक्ष ने मंजूरी नहीं दी है। इसके बावजूद उन्हें कल हुई सर्वदलीय बैठक में आमंत्रित किया गया।

उन्होंने कहा, विरोध में पूरा विपक्ष बैठक से बाहर निकल गया। आज हम देख रहे हैं कि सरकार ने सीटों की व्यवस्था बदल दी है। पहले सदन में सत्ता पक्ष की बेंच और विपक्ष की बेंच होती थी। महुआ मोइत्रा ने आगे कहा, आज एक नई श्रेणी आ गई है- गद्दारों की बेंच। सुदीप बंद्योपाध्याय गद्दारों की बेंच के नेता के रूप में आगे की सीट पर बैठने वाले हैं। यह संसदीय लोकतंत्र में एक नया दिन है।

11:40 AM, 20-Jul-2026
राज्यसभा 12 बजे तक के लिए स्थगित :
संसद के मानसून सत्र का पहला दिन हंगामेदार रहा। लोकसभा के बाद अब राज्यसभा को भी 12 बजे तक के लिए स्थगित कर लिया गाय है।

11:37 AM, 20-Jul-2026
राज्यसभा में नवनिर्वाचित सदस्यों को दिलाई गई शपथ :
संसद के मानसून सत्र के पहले दिन राज्यसभा सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सोमवार को नवनिर्वाचित सदस्यों को सदन की सदस्यता की शपथ दिलाई। इन सदस्यों को दिलाई गई शपथ-
गुजरात से भाजपा के मुकेशभाई जे. राठवा।
कर्नाटक से कांग्रेस के पवन खेड़ा।
मध्य प्रदेश से भाजपा के महेश केवट।
मेघालय से नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के जेम्स पांगसांग कोंगकल संगमा।
मिजोरम से खियांगते ललतलुआगकिमा।
राजस्थान से भाजपा के सतीश पूनिया।
पश्चिम बंगाल से भाजपा के प्रकाश चिक बराइक।
पश्चिम बंगाल से सुष्मिता देव।
पश्चिम बंगाल से सुखेंदु शेखर राय।

11:31 AM, 20-Jul-2026
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी :
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इन दिवंगत हस्तियों को श्रद्धांजलि दी-

नादेंदला भास्कर राव- 12वीं लोकसभा के सदस्य।

ओमवती देवी – 12वीं लोकसभा की सदस्य।

सुधांशु सील- 14वीं लोकसभा के सदस्य।

मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी (सेवानिवृत्त), एवीएसएम- 10वीं, 12वीं, 13वीं, 14वीं और 16वीं लोकसभा के सदस्य।

केपी धनपालन- 15वीं लोकसभा के सदस्य।

प्यारे लाल संखवार- 13वीं लोकसभा के सदस्य।

कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी।

11:22 AM, 20-Jul-2026
विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित
विभिन्न मुद्दों को लेकर विपक्षी सांसदों के हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है। सदन की अगली बैठक आज दोपहर 12 बजे फिर से होगी। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्षी सांसदों से अपनी सीट पर बैठे रहने और सदन की कार्यवाही चलाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा, कृपया अपनी सीट पर बैठे रहें। सदन चलाने में सहयोग करें।

11:13 AM, 20-Jul-2026
लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित :
लोकसभा में सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के सदस्यों ने जोरदार हंगामा किया। पहले से ही हंगामे की आशंका जताई जा रही थी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 12 बजे तक सदन की कार्यवाही स्थगित की।

11:03 AM, 20-Jul-2026
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू :
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू हो गई है। इस सत्र में जोरदार हंगामे के आसार हैं। इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने मीडिया को संबोधित किया और कहा, मेरा मानना है कि जहां तर्क, तथ्य होते हैं, वहां शोर-शराबे की कोई जरूरत नहीं होती। अगर आपके तर्क और तथ्य मजबूत हैं तो आवाज ऊंची करने की कोई जरूरत नहीं है। मुझे उम्मीद है कि संसद में चर्चाएं तर्क और तथ्यों के आधार पर होंगी। हर आवाज को सुने जाने का मौका मिलना चाहिए। संसद की यही भूमिका है।

10:55 AM, 20-Jul-2026
परिसीमन या महिला आरक्षण विधेयक के खिलाफ नहीं इंडिया ब्लॉक: टीएमसी सांसद महुआ माझी
तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ माझी ने कहा, इंडिया ब्लॉक में लोग परिसीमन या महिला आरक्षण विधेयक के खिलाफ नहीं है। हमने महिला आरक्षण विधेयक का 2023 में ही समर्थन किया था, मगर महिला आरक्षण विधेयक के लिए तीन साल बर्बाद किए गए थे। इंडिया ब्लॉक की बैठक होने वाली है और फिर फैसला होगा।

उन्होंने आगे अयोध्या राम मंदिर चढ़ावे में हेराफेरी के मामले पर कहा, यह बहुत बड़ा मुद्दा है। ये लोग राम मंदिर के नाम पर चुनकर आए थे और उसी में चोरी हो गई। वहां लाखों लोगों ने चढ़ावा चढ़ाया था। इस मुद्दे पर बहस होनी चाहिए।

10:48 AM, 20-Jul-2026
नीट के मुद्दे पर सरकार ने उठाए सही कदम: भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत
भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा, सरकार नीट के मुद्दे को लेकर बहुत संवेदनशील है। सरकार ने नीट को लेकर सही कदम उठाए हैं। कुछ बिचौलियों की वजह से ऐसी समस्याएं पैदा होती हैं, जिनका सामना छात्रों और सरकार दोनों को करना पड़ता है। लेकिन भारत सरकार के लिए देश के छात्र बहुत अहम हैं। जहां तक सीजेपी की बात है, तो कुछ मौकापरस्त लोग हमेशा हालात का फायदा उठाने के लिए तैयार रहते हैं। सरकार देश की समस्याओं को समझने और उन पर काम करने का अपना काम कर रही है। सीजेपी के विरोध मार्च पर उन्होंने कहा, अपनी बात रखने के लिए हमेशा एक सही मंच होता है, लेकिन मुझे लगता है कि अराजकता फैलाना सही नहीं है।

10:44 AM, 20-Jul-2026
भारत सबसे तेज गति से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था: पीएम मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, पश्चिम एशिया के युद्ध के कारण भारत जैसे देश जो ऊर्जा के लिए औरों पर निर्भर हैं, उनके लिए ये एक बहुत बड़ा संकट का कारण रहा। पेट्रोल, डीजल, एलपीजी, उर्वरक जैसे हर क्षेत्र में अनेक बाधाएं और संकट आए। उसके बावजूद भी भारत 7.7% की विकास दर से दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज गति से आगे बढ़ने वाला देश रहा। ये भारत के सामर्थ्य का परिचायक रहा है।

10:39 AM, 20-Jul-2026
रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार हुआ देश: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार होकर आज देश चल पड़ा है। उसी का नतीजा है कि भारत के नौजवान इतना बड़ा साहस कर पाते हैं और सफल भी हो रहे हैं।

10:37 AM, 20-Jul-2026
देश को ग्रीन हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन देश को समर्पित की गई: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, पिछले दिनों राजस्थान में बहुत बड़ी तेल रिफाइनरी देश को समर्पित की गई। कुछ सप्ताह पहले देश का तीसरा सेमीकंडक्टर प्लांट देश को समर्पित किया गया। अभी कुछ दिन पहले ग्रीन हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन देश को समर्पित की गई है। विश्व के बहुत कम देश ऐसे हैं, जिसके पास ये सुविधा है। लेकिन भारत ने जो हाइड्रोजन ट्रेन देशवासियों को समर्पित की है, वो सबसे ताकतवर इंजन वाली और सबसे लंबी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *