पंकज जालान बने अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी। अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्राध्यक्ष सुरेश एम. जैन ने गुवाहाटी के वरिष्ठ युवा समाजसेवी एवं संगठनकर्ता पंकज जालान को मंच का राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति से गुवाहाटी सहित पूरे पूर्वोत्तर के मारवाड़ी युवा मंच परिवार में हर्ष का माहौल है।

पंकज जालान पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी युवा मंच के निवर्तमान प्रांतीय अध्यक्ष, मारवाड़ी युवा मंच गुवाहाटी ग्रेटर शाखा के पूर्व अध्यक्ष एवं संस्थापक सचिव हैं। इसके अलावा वे एल.ओ.जी. हिंदी हाई स्कूल के उपाध्यक्ष तथा राणी सती जी मंदिर, आठगांव के व्यवस्थापक के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।

मारवाड़ी युवा मंच में पंकज जालान का लंबा और सक्रिय संगठनात्मक अनुभव रहा है। उन्होंने शाखा संस्थापक सचिव, शाखा उपाध्यक्ष, शाखा अध्यक्ष, प्रांतीय संयुक्त मंत्री, प्रांतीय महामंत्री, प्रांतीय उपाध्यक्ष (मुख्यालय) तथा प्रांतीय अध्यक्ष सहित विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।

संगठन के प्रति उनकी सक्रियता, कार्यकुशलता, अनुभव और समर्पण को देखते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन्हें अब राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री के रूप में उनकी नियुक्ति को संगठन के विस्तार और सेवा गतिविधियों को और गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पंकज जालान की नियुक्ति की घोषणा के बाद गुवाहाटी ग्रेटर शाखा परिवार सहित पूर्वोत्तर प्रदेश के विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारियों, सदस्यों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी तथा उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *