विप्र फाउंडेशन की श्रीमद्भागवत कथा के मुख्य संरक्षक होंगे मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी गौशाला में 17 से 23 दिसंबर तक होगा आयोजन, दंडी स्वामी शिवेंद्राश्रम महाराज करेंगे कथा वाचन

गुवाहाटी। विप्र फाउंडेशन असम जोन-8, गुवाहाटी चैप्टर एवं महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 17 से 23 दिसंबर तक आयोजित होने वाली श्रीमद्भागवत कथा के मुख्य संरक्षक असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा होंगे। सात दिवसीय कथा का आयोजन आठगांव स्थित श्री गौहाटी गौशाला के वृंदावन गार्डन में किया जाएगा। दंडी स्वामी शिवेंद्राश्रम महाराज श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कराएंगे।

कथा के मुख्य यजमान भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार शर्मा तथा स्थानीय समाजसेवी हरेन महंतो ने बताया कि मुख्यमंत्री ने आयोजन के प्रति प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्य संरक्षक बनने की सहमति दी है। उन्होंने इस धार्मिक आयोजन को असमिया और मारवाड़ी समाज के बीच आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक समन्वय बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया है।

आयोजकों के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा कि मां कामाख्या की पावन धरती पर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन विभिन्न समाजों के बीच आपसी सद्भाव, एकता और धार्मिक जुड़ाव को मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने स्थानीय समाज के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन क्षेत्रीय और सामाजिक सीमाओं से ऊपर उठकर लोगों को अपनी साझा आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी समाजों के लोगों से श्रीमद्भागवत कथा में सहभागी बनने और भगवान श्रीहरि की कथा का श्रवण करने का आह्वान भी किया है।

आयोजकों ने बताया कि सात दिवसीय कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक चेतना के साथ असमिया और मारवाड़ी समाज के बीच आपसी संपर्क, सद्भाव और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देना है।

इस आशय की जानकारी विप्र फाउंडेशन भागवत कथा ज्ञान यज्ञ समिति के जनसंपर्क एवं प्रचार-प्रसार प्रभारी संपत मिश्र ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *