होजाई में मारवाड़ी दुर्गोत्सव समिति की दुर्गा पूजा की तैयारियां अंतिम चरण में, एक ही परिसर में अनेक देवी-देवताओं के दर्शन होंगे मुख्य आकर्षण

रमेश मुंदड़ा

होजाई, 15 अक्टूबर। दुर्गा पूजा के दौरान निरंतर शीतल पेयजल सेवा और स्वच्छता बनाए रखने के लिए होजाई पौर सभा से पुरस्कार प्राप्त मारवाड़ी दुर्गोत्सव समिति इस वर्ष भी दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर उत्साहित है। होजाई के श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में आयोजित होने वाली पूजा की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं।

समिति के सचिव राजेश केजरीवाल ने बताया कि वर्ष 2006 में समाज के सहयोग से नवरात्र उत्सव की शुरुआत की गई थी। इसके बाद वर्ष 2013 से नवरात्र उत्सव के स्थान पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाने लगा। तब से समिति प्रतिवर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ इस धार्मिक आयोजन को संपन्न कराती आ रही है।

उन्होंने बताया कि समिति की ओर से पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए निरंतर शीतल पेयजल की व्यवस्था की जाती है। इसके साथ ही स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाता है। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए भी उचित व्यवस्था रहती है, ताकि आसपास के पूजा पंडालों के दर्शन करने के बाद वे यहां कुछ समय विश्राम कर सकें और मां दुर्गा की पूजा-अर्चना का आनंद ले सकें।

इस पूजा की एक विशेषता यह भी है कि यहां मां दुर्गा के दर्शन के साथ श्री लक्ष्मीनारायण, राम दरबार, शिव दरबार और हनुमानजी सहित अन्य देवी-देवताओं के दर्शन का अवसर मिलता है। एक ही परिसर में अनेक देवी-देवताओं के दर्शन कर श्रद्धालु स्वयं को धन्य महसूस करते हैं।

इस वर्ष आयोजन समिति में लावण्य अग्रवाल अध्यक्ष, राजेश केजरीवाल सचिव, प्रवीण सरावगी कोषाध्यक्ष तथा राकेश सरावगी सह-कोषाध्यक्ष के रूप में दायित्व निभा रहे हैं। समिति के अन्य सदस्यों में राजेश बजाज, सुशील क्याल, दिनेश दीक्षित, मनोज स्वामी, अमन केजरीवाल, रामचन्द्र शर्मा, मनोज केजरीवाल, अमित भीमसरिया, भगवान सेन और मोन्टी शर्मा शामिल हैं।

समिति ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मां दुर्गा के दर्शन करने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *