आठगांव सार्वजनिक दुर्गा पूजा का विधायक विजय गुप्ता ने किया शुभारंभ,‘स्वर्णागिरी’ की भव्य प्रतिकृति बनी आकर्षण का केंद्र, कोलकाता के पुरोहितों ने गंगा आरती की तर्ज पर की मां दुर्गा की आरती

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी, 16 अक्टूबर। शारदीय दुर्गोत्सव की षष्ठी तिथि पर शुक्रवार को आठगांव सार्वजनिक दुर्गा पूजा का भव्य शुभारंभ हुआ। मध्य गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजय गुप्ता ने अन्य अतिथियों के साथ पूजा पंडाल का उद्घाटन किया। वर्ष 1983 में स्थापित यह पूजा समिति इस वर्ष अपनी 43वीं वर्षगांठ मना रही है। इस बार हैदराबाद स्थित प्रसिद्ध श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर की तर्ज पर तैयार किया गया ‘स्वर्णागिरी’ का भव्य पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

पूजा पंडाल का उद्घाटन विधायक विजय गुप्ता, असम के पूर्व पुलिस महानिदेशक जी.एम. श्रीवास्तव, वरिष्ठ लेखिका एवं कवयित्री सुधा श्रीवास्तव तथा प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व महासचिव ईसान भराली ने संयुक्त रूप से फीता खोलकर किया। इस अवसर पर विजय गुप्ता और जी.एम. श्रीवास्तव ने मुख्य द्वार के दोनों ओर स्वस्तिक चिह्न अंकित कर पूजा-अर्चना की तथा सभी को दुर्गोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

उद्घाटन समारोह का विशेष आकर्षण कोलकाता से आए पुरोहितों द्वारा प्रस्तुत मां दुर्गा की भव्य आरती रही। गंगा आरती की तर्ज पर आयोजित इस विशेष आरती के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। आरती की आकर्षक प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इससे पूर्व आयोजित स्वागत समारोह में अतिथियों को पारंपरिक फुलाम गमछा और मां दुर्गा की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। पूजा समिति के अध्यक्ष प्रमोद हरलालका (लाला) ने अतिथियों और श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए सभी को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं। आमंत्रित अतिथियों ने भी अपने संबोधन में दुर्गोत्सव के महत्व पर प्रकाश डाला और आयोजन की सराहना की।

उद्घाटन के बाद अतिथियों ने पूजा पंडाल में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। आकर्षक सजावट और मंदिर की भव्य स्थापत्य शैली पर आधारित पंडाल को देखने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

इस अवसर पर पूजा समिति के सचिव संदीप आनंद (सोनू), कोषाध्यक्ष विकास तिवारी, प्रबंधन सचिव दिवाकर मोनी ठाकुर तथा रांची से आए जगदीश श्रीवास्तव सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

समारोह में मुकेश मित्तल, संजय कनोई, सुमित जैन, मनोज अग्रवाल, रोहन हंसारिया, राजेश केजरीवाल, रंजीत दास, महेश हेड़ा, कमल अग्रवाल, सुरेंद्र मित्तल, राजेश हंसारिया, विजय अग्रवाल (तिरुपति), प्रकाश काबरा, संजय गुप्ता और प्रभात दास सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *