नगांव में दुर्गापूजा की धूम: सरायघाट का युद्ध, मिस्र के पिरामिड और जुबिन दर्शन होंगे खास आकर्षण

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जयप्रकाश सिंह

शहर में 150 से अधिक पूजा पंडाल, जिले में 500 से अधिक समितियां करेंगी आयोजन; ऐतिहासिक पूजाओं को लेकर भी उत्साह

शारदीय दुर्गापूजा को लेकर नगांव शहर और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह चरम पर है। पुरानी परंपरा को बरकरार रखते हुए इस वर्ष भी विभिन्न दुर्गापूजा समितियां आकर्षक और अनूठी थीम पर आधारित पूजा पंडालों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आकर्षित करने के लिए तैयार हैं। शहर के अधिकांश पूजा मंडप सजकर तैयार हो चुके हैं, जबकि पंडालों को अंतिम रूप देने का काम भी तेजी से चल रहा है।

इस वर्ष नगांव की दुर्गापूजा के प्रमुख आकर्षणों में सरायघाट के ऐतिहासिक युद्ध का दृश्य, यंत्रों का मायाजाल, महाभारत के कृष्ण-अर्जुन, मिस्र के पिरामिड और दिवंगत गायक जुबिन गर्ग को समर्पित विशेष पंडाल शामिल हैं।

नगांव शहर के शंकर मिशन पथ सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति की ओर से ‘यंत्रों के मायाजाल’ की थीम पर विशाल और आकर्षक पूजा पंडाल तैयार किया गया है। वहीं, नगांव बंगाली सम्मेलन पूजा समिति ने स्थानीय सामग्रियों और आधुनिक तकनीक के समन्वय से मनमोहक पंडाल का निर्माण कराया है।

मां काली दुर्गा मंदिर का पूजा पंडाल मिस्र के पिरामिड की तर्ज पर तैयार किया गया है। दूसरी ओर, शनि मंदिर पूजा समिति ने महाभारत के युद्ध और कृष्ण-अर्जुन की थीम को अपने पंडाल का आधार बनाया है। नजीराजान छोटो हैबर पूजा समिति की ओर से सरायघाट के ऐतिहासिक युद्ध की झलक प्रस्तुत की जाएगी। वहीं, रणथली के डुगडुगिया में आयोजित दुर्गापूजा में जुबिन गर्ग को समर्पित विशेष थीम वाला पंडाल आकर्षण का केंद्र बनेगा।

इसके अलावा, ज्योति फ्लावर मिल पूजा समिति इस वर्ष भी आकर्षक रोशनी के अद्भुत संयोजन से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करने की तैयारी में है। इन पंडालों के निर्माण और सजावट में आयोजक समितियां विशेष रुचि ले रही हैं। आकर्षक थीम और कलात्मक सजावट के कारण पूजा के दौरान इन स्थानों पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।

जिले में 500 से अधिक पूजा समितियां करेंगी आयोजन :
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष नगांव जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 500 से अधिक पूजा समितियों के तत्वावधान में शारदीय दुर्गापूजा का आयोजन किया जाएगा। अकेले नगांव शहर में ही 150 से अधिक पूजा पंडालों में मां दुर्गा की आराधना होगी। शहर की विभिन्न समितियां धार्मिक परंपराओं के साथ-साथ आकर्षक सजावट और सांस्कृतिक विशेषताओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को आकर्षित करने में जुटी हैं।

ऐतिहासिक दुर्गापूजाओं का भी विशेष महत्व :
नगांव शहर में कई ऐसी दुर्गापूजाएं हैं, जिनका इतिहास वर्षों पुराना है। इन पूजाओं से जुड़ी परंपराएं आज भी श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाई जा रही हैं।

इस वर्ष बेलतला स्थित क्रिश्चियन पट्टी के ए.डी.पी. रोड पर प्रसिद्ध जानकीनाथ सेन वकील के घर के दुर्गा मंदिर में 177वीं दुर्गापूजा आयोजित होगी। इसी तरह हैबरगांव बीनापानी पूजा समिति की ओर से 157वीं दुर्गापूजा, नगांव बंगाली सम्मेलन के तत्वावधान में 133वीं दुर्गापूजा तथा अमोलापट्टी पूजा उत्सव समिति की ओर से 131वीं दुर्गापूजा का आयोजन किया जाएगा।

वहीं, फौजदारीपट्टी सार्वजनिक दुर्गापूजा उत्सव समिति इस वर्ष 129वीं दुर्गापूजा आयोजित करेगी, जबकि पानीगांव कालीबाड़ी दुर्गापूजा समिति की ओर से 106वीं दुर्गापूजा का आयोजन किया जाएगा।

इस प्रकार नगांव में दुर्गापूजा केवल धार्मिक उत्सव ही नहीं, बल्कि ऐतिहासिक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक सहभागिता का भी प्रतीक बनी हुई है। आकर्षक थीम वाले पंडालों और प्राचीन पूजा आयोजनों के संगम से इस वर्ष भी नगांव में दुर्गोत्सव के दौरान विशेष रौनक रहने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *