शाकंभरी भक्त मंडल के रजत जयंती महोत्सव की तैयारियां तेज, बाहर से आएंगे 200 से अधिक अतिथि
थर्ड आई न्यूज़
9 जनवरी को निकलेगी भव्य चुनड़ी यात्रा, दो दिवसीय महोत्सव में भजन संध्या और मंगल पाठ का होगा आयोजन
गुवाहाटी, 25 अक्टूबर। श्री शाकंभरी भक्त मंडल के आगामी 9 और 10 जनवरी 2027 को आयोजित होने वाले रजत जयंती महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा और विभिन्न व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श के लिए रविवार को रजत जयंती समारोह समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन से जुड़ी विभिन्न उपसमितियों के कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई तथा आवश्यक सुझाव दिए गए।
समारोह समिति के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश शाह ने बताया कि रजत जयंती महोत्सव को भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप देने के लिए गठित विभिन्न उपसमितियां अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। दो दिवसीय महोत्सव में गुवाहाटी के बाहर से 200 से अधिक अतिथियों के आने की संभावना है। अतिथियों के ठहरने के लिए विभिन्न भवनों और धर्मशालाओं में व्यवस्था की जा चुकी है।
शाह ने 9 जनवरी को निकाली जाने वाली भव्य चुनड़ी यात्रा की जानकारी देते हुए कहा कि गुवाहाटी के लिए यह एक नया और अनूठा अनुभव होगा। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों से सक्रिय सहयोग और सहभागिता का आह्वान किया।
रजत जयंती समारोह समिति के संयोजक कुमार गौरव ने दो दिवसीय महोत्सव के प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भजनों की प्रस्तुति एवं मंगल पाठ के लिए सूरत से सुरभि बिरजूका, नागपुर से उज्जवल खाखोलिया तथा कोलकाता से रितेश बरनवाल और प्रिया पोद्दार को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा गुवाहाटी के चार भजन गायक कलाकारों की प्रस्तुतियां भी सुनिश्चित की गई हैं।
बैठक में पंडाल एवं आयोजन स्थल की व्यवस्था, अतिथियों के आवास, प्रचार-प्रसार, रजत जयंती स्मारिका के प्रकाशन, प्रसाद एवं भंडारा, सुरक्षा, ध्वनि व्यवस्था तथा आयोजन से संबंधित अन्य विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। विभिन्न उपसमितियों के कार्यों की समीक्षा के साथ तैयारियों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया।
चर्चा में विजय अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अनिल खेतान, विधान हरलालका, विष्णु सुल्तानिया, प्रभात शर्मा, घनश्याम लडिया, मदन गोपाल चौधरी, दीपक धारीवाल, ललित मिश्रा, जितेश जालान, संजय खेतान और घनश्याम चिरानिया सहित अन्य सदस्यों ने अपने विचार एवं सुझाव रखे। सभा का संचालन समारोह समिति के सलाहकार प्रमोद तिवाड़ी ने किया।
उल्लेखनीय है कि श्री शाकंभरी भक्त मंडल अपने स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आगामी 9 और 10 जनवरी को श्री गौहाटी गौशाला परिसर में रजत जयंती महोत्सव का आयोजन करेगा। दो दिवसीय समारोह में चुनड़ी यात्रा, भजन प्रस्तुतियां, मंगल पाठ सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

