अमेरिका मध्यावधि चुनाव LIVE: नतीजों पर ट्रंप की पहली प्रतिक्रिया, कहा- मैं उम्मीदवार होता तो चुनाव जीतते

थर्ड आई न्यूज

वाशिंगटन। अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के लिए मंगलवार को (स्थानीय समय) मतदान कराए गए। नियमों के मुताबिक वोटिंग खत्म होने के साथ गिनती भी शुरू हो गई। मतदाताओं के बीच कई मुद्दों पर चर्चा देखी गई। इसी बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सफल प्रत्याशियों को बधाई देनी शुरू कर दी है। हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की सभी 435 सीटों और सीनेट की 35 सीटों के लिए मतदान कराए गए हैं।

नतीजों पर ट्रंप की पहली प्रतिक्रिया :
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मिडटर्म चुनाव के नतीजों के बीच अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट साझा कर दावा किया कि अगर वह भी चुनाव में उम्मीदवार होते तो उनकी पार्टी को बड़ी जीत मिलती।

ट्रंप ने लिखा, “मैं चुनाव में उम्मीदवार नहीं था। अगर मैं उम्मीदवार होता तो हम बहुत बड़े अंतर से जीतते।”

ओहायो में भारतवंशी विवेक रामास्वामी पिछड़े :
रिपब्लिकन पार्टी के भारतवंशी नेता विवेक रामास्वामी ओहायो के गवर्नर चुनाव में पीछे चल रहे हैं। अब तक 82% वोटों की गिनती हो चुकी है। इसमें उन्हें 46% वोट मिले हैं, जबकि डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार एमी एक्टन को 50% वोट मिले हैं।

जीत के बाद ट्रंप पर बरसे जॉन ओसॉफ :
अमेरिका में सीनेट चुनाव में दोबारा जीत हासिल करने के बाद डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता जॉन ओसॉफ ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अमेरिकी जनता ने बड़े अंतर से जीत दिलाकर ट्रंप के नेतृत्व की नाकामी, भ्रष्टाचार और गलत कामों को खारिज कर दिया है।

ओसॉफ ने कहा कि पिछले दो वर्षों में देश ने कई मुश्किल हालात देखे हैं। इस दौरान लगातार हिंसा, कठोरता और गलत व्यवहार की घटनाएं सामने आईं। कई बार लोगों के मन में सवाल उठा कि क्या अमेरिका का लोकतंत्र इन हालात से बच पाएगा। उन्होंने आगे कहा कि चुनाव के नतीजे लोगों को नई उम्मीद और हिम्मत देते हैं। यह संकेत है कि मुश्किल दौर अब खत्म होने की ओर बढ़ रहा है और अच्छे दिनों की पहली किरण दिखाई देने लगी है।

केंटकी में डेमोक्रेट्स ने पलटी बाजी, जैक डेम्बो ने जीती रिपब्लिकन सीट :
अमेरिका में मिडटर्म चुनाव के दौरान डेमोक्रेटिक पार्टी को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पार्टी के उम्मीदवार जैक डेम्बो ने केंटकी के छठे कांग्रेसनल जिले से जीत हासिल की है। उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी के कब्जे वाली सीट पर जीत दर्ज कर बड़ा उलटफेर किया है।

इस जीत के साथ डेमोक्रेट्स ने रिपब्लिकन पार्टी की एक मजबूत मानी जाने वाली सीट अपने नाम कर ली है। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा यानी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में दोनों पार्टियों के बीच मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। डेमोक्रेट्स लगातार रिपब्लिकन के कब्जे वाली सीटों पर जीत दर्ज करने की कोशिश कर रहे हैं।

निचले सदन में डेमोक्रेटिक पार्टी बहुमत के करीब :
435 सीटों वाले अमेरिकी संसद के निचले सदन यानी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में भी डेमोक्रेटिक पार्टी ने जबरदस्त वापसी की है। ट्रंप की पार्टी यहां भी बुरी तरह से पिछड़ती नजर आ रही है। शुरुआती रुझानों में विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी 116 सीटों पर आगे चल रही है। शुरुआती रुझानों में बहुमत से सिर्फ दो सीट पीछे है। राष्ट्रपति ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी 64 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। यहां पर भी डेमोक्रेट छह सीटों पर उलटफेर करने वाले है।

सीनेट में डेमोक्रेट्स बहुमत से पांच सीट दूर :
सीनेट की 100 सीटों में से 35 पर इस बार चुनाव हो रहे हैं। इन नतीजों को मिलाकर सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी के पास फिलहाल 46 और रिपब्लिकन पार्टी के पास 36 सीटें हो गई हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी बहुमत से सिर्फ 5 सीटें दूर है। सीनेट में बहुमत के लिए 51 सीटों की जरूरत होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *