पारीक समाज के दीपावली मिलन समारोह में बच्चों की रामलीला ने मोहा मन

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रोचक प्रश्नोत्तरी के बीच हर्षोल्लास से मना दीपावली मिलन समारोह

गुवाहाटी, 12 नवंबर। पारीक सभा, पारीक युवक परिषद एवं पारीक महिला परिषद, गुवाहाटी के संयुक्त तत्वावधान में दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में समाज के बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रामलीला के मंचन ने सभी का मन मोह लिया। बड़ी संख्या में समाजबंधुओं और महिलाओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर आपसी प्रेम, एकता और सामाजिक सद्भाव का परिचय दिया।

समारोह का शुभारंभ पारीक सभा के अध्यक्ष दिनेश पारीक, संरक्षक शिव भगवान शर्मा, श्रीचंद पारीक, मदन पारीक एवं दुर्गादत्त पारीक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर पारीक सभा के मंत्री अशोक जोशी, पारीक महिला परिषद की अध्यक्ष निशा पारीक और पारीक युवक परिषद के मंत्री परमेश्वर पारीक ने सभी समाजबंधुओं को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने समाज के सदस्यों से मिल रहे स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सक्रिय सहभागिता बनाए रखने का आह्वान किया।

समारोह का मुख्य आकर्षण समाज के बच्चों द्वारा प्रस्तुत रामलीला रही। बाल कलाकारों ने अपने अभिनय से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसके अलावा नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन पारीक महिला परिषद की मंत्री जया पारीक और पवन पारीक ने किया।

इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ सदस्य सुरेश पारीक ने पारीक समाज और महर्षि पराशर से संबंधित रोचक प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया। इसमें समाज के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रश्नोत्तरी के माध्यम से समाज की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी जानकारियां साझा की गईं।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों को सफल बनाने में संयोजिका गरिमा व्यास एवं ज्योति पारीक के साथ सरोज जोशी, नेहा जोशी, शेफाली पारीक और जया व्यास ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समारोह की व्यवस्थाओं में पारीक सभा के कार्यकारी अध्यक्ष श्याम पारीक, उपाध्यक्ष परेश पारीक एवं लादूराम पारीक, कोषाध्यक्ष नंदकिशोर पारीक, बजरंग व्यास, मुकेश पारीक, सिद्धार्थ पारीक, अंकित पारीक, प्रदीप जोशी, महिला परिषद की सलाहकार सुषमा शर्मा एवं ममता शर्मा तथा कोषाध्यक्ष पूजा जोशी सहित तीनों संस्थाओं के पदाधिकारियों और सदस्यों का सक्रिय सहयोग रहा।

समारोह के दौरान समाजबंधुओं ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। आयोजन में नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से जोड़ने के साथ समाज में आपसी मेलजोल और एकजुटता बढ़ाने का संदेश भी दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *