नगांव में ध्वजारोहण और नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का शुभारंभ

प्रेम कुमार नाहटा ने किया सूर्य षष्ठी समाज कल्याण समिति के ध्वज का ध्वजारोहण, निकाली गई कलश शोभायात्रा

नगांव से जयप्रकाश सिंह

नगांव। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ नगांव में सूर्य भगवान के ध्वजारोहण और नहाय-खाय के साथ श्रद्धा एवं उल्लासपूर्वक शुरू हो गया। इस अवसर पर सूर्य षष्ठी समाज कल्याण समिति की ओर से नेहरूबाली विजयादशमी घाट पर आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवी प्रेम कुमार नाहटा ने समिति के ध्वज का ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने समाज में शांति, समृद्धि और एकजुटता बनाए रखने का संदेश दिया।

वहीं, छठ व्रत समिति की ओर से कृष्णाश्रम शिव मंदिर घाट पर आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवी सीताराम बुधिया ने समिति के अध्यक्ष नरसिंह भगत एवं अन्य सदस्यों की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर राज्य भाजपा कार्यकारिणी के सदस्य अजय सिंह, समाजसेवी शंकर यादव तथा समिति के संयुक्त सचिव गणेश गुप्ता को फुलाम गामोछा पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सूर्य षष्ठी महिला समिति की सदस्यों ने सामूहिक रूप से छठ के पारंपरिक लोकगीत प्रस्तुत किए।

इसके अलावा सूर्य षष्ठी महिला समिति की प्रमुख रेखा सिंह, सीमा गुप्ता एवं राकेश सिंह के नेतृत्व में धार्मिक कलश शोभायात्रा निकाली गई। समाजसेवी धरमनाथ प्रसाद ने यात्रा का उद्घाटन करते हुए छठ महापर्व के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। नगर के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरने के बाद शोभायात्रा पुनः नेहरूबाली पहुंचकर संपन्न हुई।

नेहरूबाली में आयोजित कार्यक्रम में समिति के सभापति श्यामबाबू साह, कार्यकारी अध्यक्ष वीरेश साहनी, वी.एन. चौधरी, जयप्रकाश शाह, विनोद राय, कोषाध्यक्ष रामाकांत शर्मा, श्यामसुंदर प्रसाद, फूलदेव सिंह, सांस्कृतिक सचिव रवीन्द्र साह, रंजीत शर्मा, राकेश सिंह, किशन साह, मुन्ना रजक और कृष्णा प्रसाद सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित थे।

इधर, नहाय-खाय के अवसर पर छठ व्रतियों ने सुबह स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण किए और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार कद्दू की सब्जी, चने की दाल तथा चावल का प्रसाद ग्रहण कर व्रत का संकल्प लिया। महापर्व को लेकर समिति की ओर से घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है।

छठ महापर्व को लेकर नगर के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। फल, गन्ना, नारियल, केला, सूप, दौरा तथा ठेकुआ बनाने की सामग्री सहित पूजा की अन्य वस्तुओं की खरीदारी के लिए बाजारों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।

समिति की ओर से 15 नवंबर को सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकार भजन एवं नृत्य प्रस्तुत करेंगे। वहीं, 16 नवंबर को सूर्य षष्ठी मंच पर झारखंड के कलाकार मानवी सिंह और अमन लाडला धार्मिक गीतों की प्रस्तुति देंगे। महापर्व को लेकर समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *