मारवाड़ी युवा मंच की जननी शाखा से राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव प्रचार का आगाज, हिमशिखर खंडेलिया और मितेश सुराना ने सदस्यों के समक्ष रखीं अपनी प्राथमिकताएं, विभिन्न शाखाओं के प्रतिनिधियों से किया संवाद
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी। अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के आगामी राष्ट्रीय चुनाव को लेकर चुनावी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हिमशिखर खंडेलिया ने मंच की जननी शाखा गुवाहाटी के कार्यालय में आयोजित विशेष बैठक से अपने चुनाव प्रचार अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (जोन-1) पद के उम्मीदवार एवं गुवाहाटी शाखा के सक्रिय सदस्य मितेश सुराना ने भी अपनी चुनावी दावेदारी के समर्थन में अभियान की शुरुआत की। दोनों उम्मीदवारों ने मंच के भविष्य को लेकर अपनी सोच और प्राथमिकताएं सदस्यों के समक्ष रखीं।
अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हिमशिखर खंडेलिया ने मारवाड़ी संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने अन्य समाजों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा मंच के वरिष्ठ सदस्यों को पुनः सक्रिय रूप से संगठन से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मंच की भावी दिशा और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी अपने विचार साझा किए।
वहीं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (जोन-1) पद के उम्मीदवार मितेश सुराना ने जोन को अधिक सक्रिय और सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जोनल ट्रेनिंग और जोनल स्पोर्ट्स जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा राष्ट्रीय और प्रांतीय नेतृत्व के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य करने को अपनी प्रमुख प्राथमिकताएं बताया।
बैठक में गुवाहाटी अमृत, गुवाहाटी समृद्धि, गुवाहाटी उदय, कामाख्या, बेलतला शिखर और गुवाहाटी प्रोफेशनल सहित विभिन्न शाखाओं के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दोनों उम्मीदवारों के संबोधन के बाद उपस्थित सदस्यों ने संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे और अपने सुझाव भी रखे। इस दौरान मंच की भावी गतिविधियों, संगठनात्मक मजबूती और सदस्यों की सक्रिय भागीदारी को लेकर विचार-विमर्श हुआ। उम्मीदवारों ने सदस्यों के सवालों के जवाब देते हुए अपनी योजनाओं और प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया।
इस अवसर पर कामाख्या शाखा की अध्यक्ष नमिता धूधेरिया, समृद्धि शाखा की अध्यक्ष सारिका भंडारी, बेलतला शाखा से केशव तायल, अमृत शाखा से प्रियंका सेठिया, उदय शाखा से हर्षित अजीतसरिया, प्रोफेशनल शाखा के अध्यक्ष अमित पारीक तथा अमृत स्टार ब्रांच से नारायण पारीक सहित विभिन्न शाखाओं के अनेक सदस्य उपस्थित थे।
बैठक की अध्यक्षता गुवाहाटी शाखा के अध्यक्ष आकाश शर्मा ने की, जबकि संचालन शाखा के सहसचिव अशोक शर्मा ने किया। कार्यक्रम की जानकारी गुवाहाटी शाखा के सचिव लखन वर्मा ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।

