गुवाहाटी में सुरों की भावभीनी शाम: आशा भोसले को दी गई संगीतमय श्रद्धांजलि
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी। संगीत जगत की महान गायिका आशा भोसले की स्मृति में ‘सुर सप्तक संगीतालय’ के प्रांगण में एक भावनात्मक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इवेंट्स इनफिनिटी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के बड़ी संख्या में कला प्रेमियों ने शामिल होकर अपनी प्रिय स्वर कोकिला को नम आंखों से याद किया।
कार्यक्रम का संयोजन अक्की अवकाश जैन जम्मड़ और निशांत बगड़िया ने किया। शुरुआत में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। आयोजन का प्रबंधन सुर सप्तक संगीतालय के प्रभारी बिकाश भोवाल ने संभाला।
मुख्य अतिथि के रूप में अहमद अली अय्यूबी (असम प्रदेश अध्यक्ष, लोक जनशक्ति पार्टी – रामविलास) और गौरव सोमानी (प्रदेश संयोजक, भाजपा असम प्रोफेशनल्स सेल) उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आशा भोसले केवल एक गायिका नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर थीं, और उनका जाना संगीत के स्वर्णिम युग का अंत है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में स्मारिता सेन शर्मा और ममता हरलालका ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने संगीत और आध्यात्मिक ऊर्जा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
शाम 5 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में बिद्रोही रॉय, उत्तम भट्टाचार्जी (असम के एकमात्र हिंदुस्तानी क्लासिकल स्लाइड गिटार वादक), नुपुर भौमिक ( गायिका) और सुनिर्मल चक्रवर्ती (तबला वादक) ने आशा भोसले के सदाबहार गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को भावुक बना दिया।
कार्यक्रम में प्रख्यात गायक जुबिन गर्ग और विदुषी डालिया दत्ता भोवाल (संस्थापक, सुर सप्तक संगीतालय) को भी स्मरण किया गया। इसके अलावा लोकप्रिय टीवी शो सा रे ग म प से जुड़े असम के प्रसिद्ध संगीत कलाकार जय चक्रवर्ती भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
सुर सप्तक संगीतालय के शिष्यों—मयूरागक्षी पॉल, दीपा दे, स्वाति सिकदर, अभिनवज्योति पॉल, अभिज्ञान चक्रवर्ती, प्रियम रॉय, अद्रिजा दत्ता और शुभांगी रॉय—ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। अंत में भावभीनी यादों के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।

