अक्षय तृतीया पर सम्मेलन बालिका छात्रावास निर्माण का शुभारंभ, भूमि पूजन के साथ शुरू हुआ कार्य

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 20 अप्रैल। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर कुमारपाड़ा के रूपनगर (कुमार नर्सिंग होम के पीछे) में सम्मेलन के बहुप्रतीक्षित बालिका छात्रावास निर्माण कार्य का विधि-विधान से भूमि पूजन कर शुभारंभ किया गया। यह आयोजन सामाजिक सहयोग और शिक्षा के प्रति समर्पण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

भूमि पूजन समारोह में प्रांतीय उपाध्यक्ष (मुख्यालय) विनोद कुमार लोहिया ने अपनी धर्मपत्नी सरिता लोहिया के साथ गणेश, वरुण देवता, नवग्रह एवं षोडश मातृका का पूजन संपन्न किया। पूजन विधि पवन शास्त्री और नंदलाल शर्मा के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई।

इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम सुंदर हरलालका, प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा, प्रांतीय महामंत्री रमेश कुमार चांडक, प्रांतीय संगठन मंत्री मनोज जैन काला, प्रांतीय सलाहकार सांवरमल खेतावत, रमेश अग्रवाल, नवल किशोर मोर, सुरेश गगड़, अभिमन्यु खेतावत, छात्रावास संयोजक जुगल किशोर सिंघी, अशोक अग्रवाल (सीए), प्रदीप भुवालका, विवेक सांगानेरिया, ताराचंद ठोल्या, सरोज मित्तल, सूरज सिंघानिया, माखनलाल अग्रवाल, संपत मिश्र, सरिता लोहिया, दीपक पोद्दार, अरविंद सराफ, अमित कंसल, नवीन हरलालका, मंजू पाटनी, अंजनी लाटा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से पाया भरकर निर्माण कार्य के द्वितीय चरण की शुरुआत की। अतिथियों का पारंपरिक दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया। छात्रावास समिति के संयोजक जुगल किशोर सिंघी ने स्वागत भाषण में बताया कि पूर्वोत्तर में वर्ष 1964 से बालिका छात्रावास निर्माण के प्रयास होते रहे हैं, जो अब साकार रूप ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि कैलाश काबरा के नेतृत्व और दृढ़ संकल्प से इस परियोजना को नई दिशा मिली है।

श्याम सुंदर हरलालका ने अपने संबोधन में इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि वर्षों से देखे गए इस स्वप्न को साकार करने का श्रेय वर्तमान नेतृत्व को जाता है। उन्होंने पूर्वोत्तर में शिक्षा के क्षेत्र में समाज द्वारा किए गए प्रयासों का भी उल्लेख किया।

प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा ने कहा कि यह परियोजना सामूहिक प्रयासों का परिणाम है और समाज के सहयोग से इसे शीघ्र पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने दानदाताओं और विभिन्न शाखाओं के योगदान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक मील का पत्थर बताया। इस अवसर पर रमेश अग्रवाल, श्रीधर शर्मा और दीपक पोद्दार द्वारा सहयोग की घोषणा की गई।

कार्यक्रम में सांवरमल खेतावत ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि समाज में दानदाताओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल सार्थक कार्यों की होती है, जो स्वयं लोगों को जोड़ते हैं।

कार्यक्रम के पश्चात स्वल्पाहार के साथ आपसी विचार-विमर्श हुआ। निर्माण कार्य के संयोजक मनोज जैन काला ने जानकारी दी कि भवन निर्माण की अनुमति प्राप्त हो चुकी है तथा G+3 निर्माण की स्वीकृति मिल गई है। विद्युत कनेक्शन और बोरिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है और अब निर्माण कार्य विधिवत शुरू कर दिया गया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *