वरिष्ठ अधिवक्ता रामलाल यादव का निधन, समाज में शोक की लहर

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी। गौहाटी उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता तथा हिन्दुस्तानी केंद्रीय विद्यालय संचालन समिति के अध्यक्ष रामलाल यादव के निधन पर पूर्वोत्तर हिन्दुस्तानी सम्मेलन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। लगभग 75 वर्ष की आयु में उन्होंने आज पूर्वाह्न करीब 11:15 बजे अंतिम सांस ली। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका उपचार शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था।

रामलाल यादव अपने पीछे धर्मपत्नी अधिवक्ता कल्पना यादव, एक पुत्र, एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके पुत्र के अमेरिका से गुवाहाटी पहुंचने के पश्चात भूतनाथ मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

कानूनी क्षेत्र में अपनी गहरी पकड़ के साथ रामलाल यादव हिंदीभाषी समाज के एक मार्गदर्शक के रूप में भी प्रतिष्ठित थे। उनकी सरलता, सामाजिक प्रतिबद्धता और नेतृत्व क्षमता के कारण वे समाज में विशेष सम्मान के पात्र रहे।

पूर्वोत्तर हिन्दुस्तानी सम्मेलन के महामंत्री एस. पी. राय ने अपने शोक संदेश में कहा कि रामलाल यादव समाज के एक चमकते सितारे थे, जिनके निधन से अपूरणीय क्षति हुई है। सम्मेलन ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *