रंगाली बिहू की छटा में रंगा शिशु निकेतन: विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 2 मई। नारायण नगर स्थित शिशु निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को रंगाली बिहू के उपलक्ष्य में एक भव्य एवं सांस्कृतिक गरिमा से परिपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, प्रबंधन समिति के पदाधिकारी तथा कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक स्वागत गान से हुई, जिसने पूरे परिसर को बिहू के उत्सवी रंग में सराबोर कर दिया। विद्यालय के सचिव प्रदीप कुमार जैन ने ध्वजारोहण किया, जिसके साथ “श्री मयी अखमी” गीत की प्रस्तुति के माध्यम से ध्वज के प्रति सम्मान प्रकट किया गया। अपने संबोधन में श्री जैन ने सभी को रंगाली बिहू की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए समाज में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती रीना भौमिक ने जानकारी दी कि कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। कनिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों ने पारंपरिक बिहू नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं वरिष्ठ विद्यार्थियों ने रंगाली बिहू के महत्व को दर्शाते हुए धार्मिक आचार-अनुष्ठानों पर आधारित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की, जिसे खूब सराहा गया।
ढोल, पेपा और अन्य पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों के बीच प्रस्तुत बिहू गीत और नृत्य ने वातावरण को और भी जीवंत बना दिया। कार्यक्रम में शिक्षकों की सहभागिता भी उल्लेखनीय रही; उन्होंने भी बिहू गीत और नृत्य प्रस्तुत कर आयोजन में चार चांद लगा दिए।
प्रधानाचार्य श्रीमती सरवरी दास ने बताया कि कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राज्य गीत के साथ हुआ। संपूर्ण आयोजन ने असम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और रंगाली बिहू के उल्लास को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए सभी के मन पर गहरी छाप छोड़ी।

