नगांव में ‘झाल मुरी’ बनी जीत का जश्न, भाजपा समर्थकों ने अनोखे अंदाज में मनाई खुशी

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जयप्रकाश सिंह

नगांव में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत के बाद उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला। इस खुशी को स्थानीय लोगों और भाजपा समर्थकों ने अनोखे अंदाज में मनाते हुए हैबरगांव बाजार क्षेत्र में सामूहिक रूप से ‘झाल मुरी’ का आनंद उठाया।

दरअसल, चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल में झाल मुरी खाते हुए आम लोगों से जुड़ाव का संदेश देने की चर्चा काफी सुर्खियों में रही थी। उसी से प्रेरित होकर नगांव के कुछ व्यवसायियों और भाजपा समर्थकों ने यह अनूठा आयोजन किया।

इस अवसर पर समाजसेवी एवं व्यवसायी जगदीश धूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा समाज के हर वर्ग को सम्मान देने और सबके साथ, सबके विकास की भावना को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत जनता की बदलाव की इच्छा का प्रतीक है।

जगदीश धूत ने कहा, “जब प्रधानमंत्री खुद आम लोगों के बीच जाकर उनकी संस्कृति और खानपान से जुड़ते हैं, तो यह देश की एकता और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। भाजपा की इस जीत ने लोगों में नया उत्साह भर दिया है।”

झाल मुरी उत्सव को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे और माहौल पूरी तरह उत्सवी बन गया। स्थानीय विक्रेताओं के अनुसार, लोगों की भारी भीड़ के कारण कुछ ही घंटों में उनका पूरा सामान बिक गया।

इस अनोखे जश्न ने नगांव में राजनीतिक उत्साह के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति और आम जनजीवन की झलक भी पेश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *