Rahul Gandhi: ‘आर्थिक तूफान सिर पर है, PM इटली में टॉफी बांट रहे’, पीएम मोदी के चॉकलेट गिफ्ट पर राहुल का तंज

थर्ड आई न्यूज

नई दिल्ली I कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर इटली की पीएम मेलोनी के दिए कैंडी उपहार को लेकर हमला बोला है। उन्होंने इस कृत्य को नेतृत्व नहीं, बल्कि एक नौटंकी करार दिया है। राहुल गांधी का यह बयान इतालवी प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी द्वारा मोदी को मेलोडी टॉफी का पैकेट देते हुए एक वीडियो पोस्ट करने के बाद आया है।

क्या लिखा राहुल ने एक्स पर?
राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि ‘आर्थिक तूफान सिर पर है, और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफी बांट रहे हैं! किसान, युवा, महिलाएं, मज़दूर और छोटे व्यापारी सब रो रहे हैं – पीएम हंसकर रील बना रहे हैं, और भाजपा वाले ताली बजा रहे हैं। यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी है।’

वीडियो हुआ वायरल :
इससे पहले इतालवी पीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर 12 सेकंड की वीडियो क्लिप साझा की थी। जिसमें वो भारत के प्रधानमंत्री मोदी के साथ दिख रही हैं। इस क्लिप में वो कह रही हैं, “प्रधानमंत्री मोदी हमारे लिए बहुत अच्छा गिफ्ट लेकर आए हैं। ये टॉफियां हैं जो बहुत स्वादिष्ट हैं।” इसके बाद उनकी दाईं तरफ खड़े पीएम मोदी टॉफी का पैकेट उठाते हैं जिस पर लिखा है ‘मेलोडी’।’गिफ्ट’ को कैमरे की तरफ दिखाने के बाद दोनों खिल खिलाकर हंस देते हैं।इससे पहले पीएम मोदी इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी की ओर से आयोजित डिनर में भी शामिल हुए। उन्होंने इस डिनर की तस्वीरें भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा कीं। पीएम मोदी ने कहा कि वह मेलोनी के साथ बातचीत का इंतजार कर रहे हैं, जिसमें दोनों देश भारत-इटली संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।

भाजपा ने राहुल पर किया पलटवार :
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर कहा, राहुल गांधी का आज का बयान बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है और कहीं न कहीं उनकी अराजकतावादी मानसिकता को दिखाता है। मैं मानता हूं कि भारतीय राजनीति में जहां सुचिता, सामाजिकता और एक-दूसरे को सम्मान देने की प्रक्रिया है, उसमें उनका यह बयान बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं मानता हूं कि लगातार हो रही हार, निराशा कहीं न कहीं उनके स्वभाव और चरित्र में दिख रही है…आज हम भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद पर पूर्ण रूप से लगाम लगाने का काम किया गया है…क्या नक्सलवाद को खत्म करना गद्दारी है?, क्या देश की जमीन को सुरक्षित रखना गद्दारी है?, क्या तिरंगे का सम्मान पूरे विश्व में बढ़ाना गद्दारी है?…”

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, “राहुल गांधी निराश हैं। सत्ता ना मिलने के कारण निराशा है। वे मोदी जी को गाली नहीं दे रहे हैं देश को गाली दे रहे हैं। वो निराशा में निकल रहा है। पूरी दुनिया केवल नरेंद्र मोदी ही ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने केवल 3.2% की वृद्धि की है, नहीं तो 110% तक की वृद्धि हुई है। वे 5 दिन के दौरे पर विदेश गए हैं तो भारत को मजबूत करने के लिए।”

पीएम मोदी और अमित शाह पर राहुल का निशाना :
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रायबरेली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर देश बेचने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और संविधान की मूल भावना को कमजोर किया जा रहा है।

सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आने वाले समय में देश को गंभीर आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और केंद्र सरकार की नीतियों का असर आम जनता पर पड़ेगा, जिससे महंगाई तेजी से बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल, गैस के साथ-साथ दाल और चावल जैसी जरूरी वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी होगी। कांग्रेस सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री जनता को सोना न खरीदने और विदेश यात्रा से बचने की सलाह देते हैं, जबकि सत्ता में बैठे लोग खुद आलीशान विमानों से विदेश दौरे करते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में किसानों को खाद जैसी जरूरी चीजों के लिए भी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। राहुल गांधी ने संविधान का जिक्र करते हुए कहा कि यह देश की जनता की आवाज और अधिकारों का प्रतीक है।

उन्होंने लोगों से संविधान की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस और भाजपा संविधान की मूल भावना को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। सभा के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश की वर्तमान परिस्थितियों के लिए यही लोग जिम्मेदार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *